April 5, 2026 6:27 pm

April 5, 2026 6:27 pm

घने कोहरे की चादर में लिपटा DELHI-NCR, विजिबिलिटी शून्य के करीब; प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर इन दिनों कड़ाके की ठंड, घने कोहरे और गंभीर प्रदूषण की दोहरी मार झेल रहा है। शनिवार को भी राजधानी और आसपास के इलाकों में सुबह के समय बेहद घना कोहरा छाया रहा, जिससे कई जगह विजिबिलिटी लगभग शून्य तक पहुंच गई। कोहरे के कारण सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और वाहन रेंगते नजर आए।

सुबह और शाम के समय चल रही सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। हालांकि दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ हद तक राहत जरूर मिली।

5 डिग्री से नीचे गिरा न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम है। वहीं, दिन में धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान बढ़कर 24.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो औसत से करीब 5 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग ने बताया कि 21 जनवरी तक राजधानी में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान सुबह के समय कोहरा बना रहने की संभावना है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 19 से 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

येलो अलर्ट जारी, फिर लौटेगी शीतलहर
रविवार की सुबह दिल्ली में मध्यम से घने कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक हल्के बादल छाए रहेंगे और हवा की दिशा पूर्वी व दक्षिण-पूर्वी रहेगी, जिससे हवा में गलन कुछ कम हो सकती है।
रविवार को अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं 23 से 26 जनवरी के बीच राजधानी में एक बार फिर शीतलहर चलने और तापमान में गिरावट की आशंका जताई गई है।

गंभीर श्रेणी में पहुंचा प्रदूषण
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार रविवार सुबह 7:15 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 349 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।
एनसीआर के अन्य शहरों में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं—
फरीदाबाद: 345
गुरुग्राम: 333
गाजियाबाद: 342
ग्रेटर नोएडा: 325
नोएडा: 328
दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 से ऊपर पहुंच चुका है, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में गिना जाता है।

GRAP-4 लागू, कड़े प्रतिबंध
प्रदूषण के लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का चौथा चरण लागू कर दिया है।
GRAP-4 लागू होने के साथ ही पहले, दूसरे और तीसरे चरण की सभी पाबंदियां भी जारी रहेंगी। इसके तहत निर्माण कार्य, डीजल वाहनों और अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों पर सख्ती की गई है।
कुल मिलाकर, दिल्ली-एनसीआर की हवा अब सांस लेने लायक नहीं बची है। कोहरा, ठंड और जहरीली हवा लोगों की सेहत के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 2 4 5
Total Users : 291245
Total views : 493494

शहर चुनें