June 21, 2026 7:40 pm

June 21, 2026 7:40 pm

पंजाब में कोहरे का कहर, सड़क हादसों में दो की मौत, दर्जनों घायल

चंडीगढ़/पंजाब: पंजाब में रविवार को भी घना कोहरा लोगों के लिए आफत बना रहा। विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण जालंधर और बठिंडा में अलग-अलग सड़क हादसे हुए। इन हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया, वहीं मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

जालंधर–भोगपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसा
पहला हादसा जालंधर–भोगपुर हाईवे पर किशनगढ़ चौक के पास घनी धुंध के कारण हुआ। जालंधर से भोगपुर जा रहे एक ट्रक की टक्कर सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से हो गई। ट्रॉली में संगत सवार थी, जो अलावलपुर की ओर से करतारपुर जा रही थी। टक्कर के बाद ट्रक पलट गया और उसकी चपेट में आने से एक रेहड़ी चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रॉली में सवार एक श्रद्धालु के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी भी मौत हो गई। हादसे के कारण हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर सुचारु कराया।

जालंधर में एक के बाद एक हादसे
कोहरे की वजह से जालंधर–फगवाड़ा हाईवे पर छह वाहन एक के बाद एक आपस में टकरा गए। हादसे में वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इसके अलावा बाबू जगजीवन राम रोड पर धुंध के कारण एक कार सड़क किनारे बने गड्ढे में गिर गई। कार में पांच लोग सवार थे, जिनमें एक साल की बच्ची भी शामिल थी। गनीमत रही कि सभी सुरक्षित हैं। चश्मदीदों के मुताबिक यहां पिछले आठ महीनों से निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन न तो बैरिकेडिंग की गई और न ही रिफ्लेक्टर लगाए गए थे।

बठिंडा में बस–ट्रक की टक्कर, 35 यात्री घायल
उधर, बठिंडा के मौड़ मंडी में घने कोहरे के चलते पीआरटीसी की एक बस गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस में सवार करीब 35 यात्री घायल हो गए। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यह बस बठिंडा से मानसा जा रही थी। टक्कर के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया। राहत की बात यह रही कि ट्रक में लदे गैस सिलेंडर सुरक्षित रहे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

मौसम विभाग की चेतावनी, बारिश की संभावना
चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों पर सक्रिय हो गया है। इसके असर से 19 जनवरी को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 22 और 23 जनवरी को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद कुछ दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, जबकि आगे चलकर 3 से 5 डिग्री तक वृद्धि संभव है।

इन 6 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम फिलहाल शुष्क रहेगा। विभाग ने वाहन चालकों को सावधानी से ड्राइव करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

 

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 9 1 9 3
Total Users : 349193
Total views : 576518

शहर चुनें