June 21, 2026 7:40 pm

June 21, 2026 7:40 pm

चंडीगढ़ को मिली अपनी राज्य तितली स्ट्राइप्ड टाइगर बटरफ्लाई घोषित, वन्यजीव संरक्षण को मिलेगा नया आयाम

चंडीगढ़, 19 जनवरी 2026। चंडीगढ़ प्रशासन ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए स्ट्राइप्ड टाइगर बटरफ्लाई को चंडीगढ़ की राज्य तितली घोषित किया है। यह फैसला आज पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया की अध्यक्षता में आयोजित राज्य वन्यजीव बोर्ड की बैठक में लिया गया।
बैठक में वन्यजीव संरक्षण से जुड़े छह प्रमुख एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रशासक श्री कटारिया ने पूर्व में लिए गए निर्णयों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सुखना वन्यजीव अभयारण्य के आसपास प्रस्तावित ईको-सेंसिटिव ज़ोन की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि वन्यजीव एवं आवास संरक्षण से जुड़े विषयों की प्रभावी निगरानी के लिए राज्य वन्यजीव बोर्ड की बैठकें हर छह माह में नियमित रूप से आयोजित की जाएं।

जनजागरूकता पर विशेष ज़ोर
राज्य तितली घोषित किए जाने के बाद बोर्ड ने वन एवं वन्यजीव विभाग को निर्देश दिए कि इस नए राज्य प्रतीक के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए रेलवे स्टेशनों, पर्यटन स्थलों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जाए।

सुखोमाजरी परियोजना की सराहना
बैठक में बोर्ड सदस्य डॉ. एस. एस. ग्रेवाल ने सुखोमाजरी परियोजना की सराहना करते हुए सुखना झील के जलग्रहण क्षेत्र के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने मृदा एवं नमी संरक्षण, गाद रोकथाम और झील में निरंतर जल प्रवाह सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग के प्रयासों की प्रशंसा की।

वन्यजीव अध्ययन केंद्र की संभावना
प्रशासक श्री कटारिया ने वन एवं वन्यजीव विभाग को निर्देश दिए कि वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सक्रिय कदम उठाए जाएं। साथ ही नियमों एवं वैधानिक प्रावधानों के तहत जनसामान्य और विद्यार्थियों के लिए वन्यजीव अध्ययन केंद्र, जैसे जैविक उद्यान या एनक्लोज़र, स्थापित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाए।
बैठक के समापन पर यू.टी. प्रशासन ने चंडीगढ़ में वन्यजीव संरक्षण और पारिस्थितिक संतुलन को सुदृढ़ करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक में रहे उपस्थित
इस अवसर पर चंडीगढ़ की महापौर हरप्रीत कौर बबला, राज्यपाल के प्रधान सचिव (पंजाब) वी. पी. सिंह, गृह सचिव-सह-सचिव वन एवं वन्यजीव मंदीप सिंह बराड़, मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक सौरभ कुमार, आईजी पुलिस चंडीगढ़ पुष्पेन्द्र कुमार, मुख्य वन संरक्षक अनुप कुमार सोनी, उप वन संरक्षक नवनीत कुमार श्रीवास्तव सहित राज्य वन्यजीव बोर्ड के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 9 1 9 3
Total Users : 349193
Total views : 576518

शहर चुनें