October 14, 2026 9:55 am

October 14, 2026 9:55 am

हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज: 22 से 24 जनवरी तक भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट

चंडीगढ़: हरियाणा में आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके चलते प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार 22 से 24 जनवरी के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान आम जनजीवन के साथ-साथ रबी फसलों पर भी असर पड़ सकता है।

इन जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और सिरसा जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया है। 22 जनवरी से मौसम की पहली बड़ी हलचल देखने को मिलेगी। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले इलाकों और कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

40–50 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
बारिश के साथ तेज हवाएं भी चिंता बढ़ा सकती हैं। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है, जबकि कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक के झोंके चल सकते हैं। इससे पेड़ों के गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और कच्ची छतों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

दिन में बढ़ेगी ठिठुरन, ‘कोल्ड डे’ जैसे हालात
पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे रात की कड़ाके की ठंड में कुछ राहत मिलेगी। हालांकि, दिन में बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आएगी। सूरज न निकलने से कई जिलों में ‘कोल्ड डे’ जैसे हालात बनने की संभावना है।

तापमान का हाल
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा में बीते दिन की तुलना में औसत अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है।
पलवल (AWS) प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं, रात के औसत तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
सोनीपत में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री, जबकि हिसार में 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने किसानों को भी सलाह दी है कि वे फसलों को बारिश और ओलावृष्टि से बचाने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाएं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 8 0 8
Total Users : 429808
Total views : 685294

शहर चुनें