हरियाणा सरकार शिक्षा और खेल के क्षेत्र में कर रही ऐतिहासिक कार्य
रमेश गोयत
पंचकूला, 23 जनवरी। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि मजदूरों और किसानों के मसीहा दीनबंधु चौधरी छोटूराम एक महान समाज सुधारक थे, जिन्होंने अंग्रेज़ी शासन के दौरान किसानों और गरीबों के अधिकारों की आवाज़ बुलंद की। उन्होंने साहूकारों और जमींदारी शोषण के विरुद्ध सख्त कानून बनवाकर किसानों को सम्मान और सुरक्षा प्रदान की। उनका जीवन इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प के बल पर व्यवस्था को बदला जा सकता है।
शिक्षा मंत्री आज जाट सभा चंडीगढ़/पंचकूला द्वारा चौधरी छोटूराम जाट भवन में आयोजित बसंत पंचमी एवं दीनबंधु चौधरी छोटूराम की 145वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर खेल और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान युवाओं और बच्चों को सम्मानित भी किया गया।

मंत्री ढांडा ने कहा कि चौधरी छोटूराम का दृढ़ विश्वास था कि शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने शिक्षा को जीवन से जोड़कर देखने पर बल दिया। शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार उन्हीं आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदली जा रही है। आधुनिक कक्षाएं, डिजिटल सुविधाएं, स्मार्ट बोर्ड, STEM लैब और गुणवत्तापूर्ण शिक्षक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य केवल डिग्रियां देना नहीं, बल्कि संस्कारयुक्त, रोजगारपरक और मूल्य-आधारित शिक्षा प्रदान करना है।

मंत्री ढांडा ने कहा कि युवा तभी सशक्त बन सकता है, जब वह अपनी जड़ों से जुड़ा रहेगा। चौधरी छोटूराम का जीवन हमें सिखाता है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को साथ लेकर चलना ही सच्ची प्रगति है। प्रदेश सरकार भी इसी भावना के साथ किसान, युवा और छात्र-केंद्रित नीतियां बना रही है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने चौधरी छोटूराम को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि बसंत पंचमी और चौधरी छोटूराम की जयंती जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपने इतिहास से जोड़ते हैं और उन्हें सही दिशा प्रदान करते हैं।
जाट सभा के प्रधान डॉ. एम.एस. मलिक ने चौधरी छोटूराम के किसान एवं मजदूर हित में किए गए कार्यों को याद किया। उन्होंने भाखड़ा डैम पर स्थापित चौधरी छोटूराम की प्रतिमा को संग्रहालय में रखे जाने के सरकार के निर्णय की सराहना की। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रतन लाल कटारिया को मरणोपरांत तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह को मौके पर प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पूर्व सांसद डी.पी. वत्स ने चौधरी छोटूराम को सच्चा किसान हितैषी बताते हुए कहा कि उनकी जयंती पर खेल और शिक्षा के क्षेत्र में समाज का नाम रोशन करने वाले युवाओं को सम्मानित करना प्रेरणादायी पहल है।

जम्मू एवं कश्मीर के विधायक विक्रम सिंह रंधावा ने युवाओं से आह्वान किया कि वे चौधरी छोटूराम के विचारों को केवल स्मरण न करें, बल्कि अपने जीवन में अपनाएं। शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और किसान कल्याण के मूल्यों के साथ आगे बढ़कर ही सशक्त और आत्मनिर्भर हरियाणा का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में जम्मू के विधायक बलदेव राज शर्मा, पूर्व मंत्री योगानंद शास्त्री, प्रो. एम.एम. जुनेजा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी विचार रखे।
इस अवसर पर सरबजीत सिंह जोहल, वीना अरोड़ा, हेमराज यादव, जाट सभा के महासचिव आर.के. मलिक, उपाध्यक्ष जयपाल पुनिया, सचिव बी.एस. गिल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











Total Users : 291330
Total views : 493625