May 23, 2026 8:51 pm

May 23, 2026 8:51 pm

PANCHKULA: व्हाट्सएप से शेयर मार्केट में मुनाफे का लालच देकर 16.30 लाख की ठगी, चार आरोपी गिरफ्तार

पंचकूला, 23 जनवरी: पंचकूला में साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए साइबर क्राइम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने व्हाट्सएप के जरिए शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे का झांसा देकर एक स्थानीय नागरिक से 16 लाख 30 हजार रुपये की ठगी की। पुलिस की तकनीकी जांच और सतर्कता से न केवल मुख्य आरोपी पकड़े गए हैं, बल्कि गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
पीड़ित पंचकूला निवासी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सितंबर माह में उसे व्हाट्सएप के माध्यम से शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने एक लिंक भेजकर एक ऐप डाउनलोड करवाई, जिसके माध्यम से अलग-अलग समय पर उससे कुल 16.30 लाख रुपये की राशि ठग ली गई। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना पंचकूला में 20 नवंबर 2025 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह के नेतृत्व में जांच अधिकारी रविंद्र कुमार ने कार्रवाई करते हुए 20 जनवरी को पहले आरोपी अरुण कुमार निवासी गांव धमतान साहिब को गिरफ्तार किया। आरोपी को 21 जनवरी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। पूछताछ के दौरान मिली अहम जानकारियों के आधार पर पुलिस ने इस ठगी गिरोह में शामिल तीन अन्य आरोपियों—मोहम्मद राशिद निवासी दिल्ली, मोहम्मद आलम खां निवासी दिल्ली और जसबीर सिंह निवासी पंजाब—को 22 जनवरी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी अरुण कुमार, मोहम्मद आलम खां और जसबीर सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि आरोपी मोहम्मद राशिद को न्यायालय में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। जांच के दौरान अन्य व्यक्तियों की भी संदिग्ध भूमिका सामने आई है, जिसके चलते पुलिस द्वारा हरियाणा सहित अन्य राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि साइबर अपराध के मामलों में पंचकूला पुलिस पूरी गंभीरता और तकनीकी दक्षता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे व्हाट्सएप या सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाले निवेश और अधिक मुनाफे के प्रलोभनों से सावधान रहें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक या ऐप को डाउनलोड न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि साइबर ठगी में शामिल अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों को जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 2 3 5 6 5
Total Users : 323565
Total views : 540284

शहर चुनें