September 14, 2026 12:53 pm

September 14, 2026 12:53 pm

DELHI-NCR में बारिश के बाद कड़ाके की ठंड, सुबह छाया कोहरा, दिनभर बादलों का डेरा

नई दिल्ली, 24 जनवरी 2026: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को हुई रुक-रुककर बारिश और तेज हवाओं के बाद ठंड का असर और तेज हो गया है। शनिवार तड़के राजधानी के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। हालांकि सुबह करीब 7 बजे के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंट गया, लेकिन आसमान में बादल अब भी छाए हुए हैं और मौसम पूरी तरह साफ नहीं हुआ है।

बारिश और ठंडी हवाओं के चलते राजधानी समेत एनसीआर के इलाकों में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। तापमान में आई गिरावट के कारण सुबह और देर रात ठिठुरन बढ़ गई है, जिससे लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।

आज भी बने रहेंगे बादल, हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना से इनकार नहीं किया गया है। सुबह के समय कोहरे की वजह से दिल्ली से सटे हाईवे और एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर वाहनों को इंडिकेटर और फॉग लाइट जलाकर धीमी रफ्तार में चलना पड़ा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस समय के औसत से काफी नीचे है। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे रात के समय ठंड और ज्यादा महसूस हो रही है।

बारिश के बावजूद प्रदूषण से राहत नहीं
हालांकि बारिश के बाद लोगों को प्रदूषण से राहत की उम्मीद थी, लेकिन हवा की गुणवत्ता में खास सुधार देखने को नहीं मिला। शनिवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के आसपास दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
प्रदूषण निगरानी केंद्रों के अनुसार, आनंद विहार में AQI 309 और वजीरपुर में 314 रिकॉर्ड किया गया। वहीं नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ से ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है।

ठंड और प्रदूषण से दोहरी मार
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बादलों की मौजूदगी और कम धूप के कारण दिन के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। ऐसे में ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार से लोगों की परेशानी फिलहाल जारी रहने के आसार हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सुबह-शाम घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 3 2 0 1
Total Users : 413201
Total views : 663221

शहर चुनें