September 21, 2026 5:17 am

September 21, 2026 5:17 am

राजकीय रेलवे पुलिस हरियाणा की बड़ी सफलता; 1.90 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

गिरोह सरगना पंकज कुमार लाल सहित 03 आरोपी 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार

चंडीगढ़, 24 जनवरी। पुलिस अधीक्षक जीआरपी, हरियाणा श्रीमती नितिका गहलोत (IPS) के कुशल नेतृत्व एवं सटीक रणनीति के तहत राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) अम्बाला ने बिहार एसटीएफ (STF) के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए 1.90 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी के मामले में अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने बिहार के समस्तीपुर जिले से गिरोह के मुख्य सरगना पंकज कुमार लाल सहित तीन आरोपियों को महज 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।

घटना का विवरण:

दिनांक 17.01.2026 को गोविंदगढ़ (पंजाब) निवासी नरेश जोशी द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि आरोपियों ने पैसे दोगुना करने तथा लोन पर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर उनसे 1.90 करोड़ रुपये की ठगी की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेलवेज, हरियाणा द्वारा तुरंत संज्ञान लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया।

इस अभियान में थाना जीआरपी अम्बाला छावनी, सीआईए जीआरपी, साइबर टीम जीआरपी तथा बिहार एसटीएफ ने आपसी तालमेल के साथ सघन कार्रवाई की। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर बिहार में लगातार दबिश दी गई और दिन-रात चले ऑपरेशन के बाद मंगलवार रात निरीक्षक हरिश कुमार, प्रभारी थाना जीआरपी अम्बाला के नेतृत्व में गठित टीम ने दलसिंह सराय (समस्तीपुर, बिहार) से गिरोह सरगना पंकज कुमार लाल तथा उसके दो सहयोगियों कौशल और रजनीश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कौशल व रजनीश लोगों को ठगी के जाल में फंसाने का कार्य करते थे।

बरामदगी:

आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनके अजनौल स्थित निवास से भारी मात्रा में अवैध संपत्ति बरामद की गई, जिसमें ₹6,02,000 नगद, लगभग ₹15–16 लाख के सोने के गहने, 2 लैपटॉप, 2 हार्ड डिस्क, 8 टच मोबाइल फोन, 10 कीपैड फोन तथा एक लग्जरी इनोवा कार शामिल है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी पंकज कुमार ने ठगी की रकम से दलसिंह सराय के अजनौल क्षेत्र में लगभग ₹1 करोड़ की लागत से एक आलीशान मकान का निर्माण शुरू कराया था। आरोपी ‘रेल नीर’ पानी की आपूर्ति तथा बिहार के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में रिक्शा एजेंसी के संचालन से भी जुड़ा पाया गया है।

आगे की कार्रवाई:

फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच में ठगी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के संकेत मिले हैं। पुलिस का दावा है कि इस संगठित अपराध में शामिल अन्य आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 7 3 6 0
Total Users : 417360
Total views : 668740

शहर चुनें