नई दिल्ली: उत्तर भारत के बड़े हिस्से अभी भी शीतलहर की चपेट में हैं। दिल्ली-एनसीआर सहित पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में घना कोहरा और ठंडी हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा, जबकि दिन में धूप खिली, लेकिन हवा चलने से ठंडक का अहसास बना रहा।
राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
दिल्ली में आज मौसम रहेगा साफ और खुशनुमा
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आज मौसम साफ और खुशनुमा बने रहने के आसार हैं। सुबह हल्का कोहरा छाने के बाद दिन में अच्छी धूप निकलने से कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार गणतंत्र दिवस से पहले बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम स्थिर रहेगा।
हालांकि हाल में हुई बारिश के कारण ठंड और नमी में इजाफा हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 जनवरी को भी सर्द मौसम का अहसास बना रहेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
हवा की रफ्तार कमजोर, प्रदूषण बढ़ने की आशंका
हवा की गति कमजोर पड़ने के कारण दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बढ़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
हाल ही में हुई अच्छी बारिश और तेज हवाओं के चलते 102 दिन बाद दिल्लीवासियों को जहरीली हवा से राहत मिली थी, क्योंकि वातावरण में मौजूद प्रदूषक कण काफी हद तक साफ हो गए थे।
दिल्ली-एनसीआर में AQI 100 से 200 के बीच
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार रविवार सुबह 7:15 बजे तक दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 151 दर्ज किया गया। एनसीआर के अन्य शहरों में फरीदाबाद में 188, गुरुग्राम में 202, गाजियाबाद में 192, ग्रेटर नोएडा में 183 और नोएडा में 185 AQI दर्ज किया गया।
दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI स्तर 100 से ऊपर और 200 के बीच बना हुआ है, जो ‘मध्यम’ से ‘खराब’ श्रेणी में आता है।













Total Users : 310090
Total views : 521084