August 28, 2026 8:56 am

August 28, 2026 8:56 am

शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर धूमधाम से मना 77वां गणतंत्र दिवस, राज्यपाल ने फहराया तिरंगा

अनिल शर्मा
शिमला, 26 जनवरी 2026 : हिमाचल प्रदेश में 77वें गणतंत्र दिवस का राज्य स्तरीय समारोह आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूरे हर्षोल्लास, देशभक्ति और गौरवपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के उपरांत राज्यपाल ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिमला मेहर पंवर के नेतृत्व में आयोजित परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद 1 जम्मू-कश्मीर राइफल्स के लेफ्टिनेंट शाश्वत तिवारी द्वारा कमांड की गई भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू तथा लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
अनुशासन और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बना मार्च पास्ट
मार्च पास्ट में भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), पंजाब पुलिस, हिमाचल प्रदेश पुलिस, होम गार्ड्स, अग्निशमन सेवाएं, हिमाचल प्रदेश डाक सेवाएं, आपदा प्रबंधन दल, भूतपूर्व सैनिक, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), भारत स्काउट्स एंड गाइड्स सहित विभिन्न टुकड़ियों ने भाग लिया। सभी टुकड़ियों ने अनुशासन, एकता और राष्ट्रीय गौरव का शानदार प्रदर्शन किया।

वीरता को मिला सम्मान
इस अवसर पर राज्यपाल ने शिमला जिला की चौपाल तहसील के अंतर्गत चंबी डाकघर के गगाना गांव निवासी रितिक चौहान को जीवन रक्षा में असाधारण साहस का परिचय देने के लिए उत्तम जीवन रक्षा पदक से सम्मानित किया। उनकी बहादुरी की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि ऐसे साहसी नागरिक समाज के लिए प्रेरणा हैं।

विकासात्मक झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
समारोह में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा प्रस्तुत रंग-बिरंगी झांकियां विशेष आकर्षण रहीं। इन झांकियों के माध्यम से प्रदेश सरकार की विकासात्मक पहलों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में और अधिक रंग भर दिए। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, पटियाला के कलाकारों ने जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और उत्तराखंड के लोक नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी।
वहीं हिमाचल प्रदेश पुलिस की एकलव्य कला मंच, प्रथम आईआरबीएन बनगढ़, ऊना द्वारा “नशा मुक्त हिमाचल” विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें मादक पदार्थ चिट्टे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाई गई।
इसके अतिरिक्त हमीरपुर और शिमला के कलाकारों ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्रदेश के गणमान्य लोग रहे मौजूद
समारोह में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक कुलदीप राठौर और मोहन लाल ब्राक्टा, प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, शिमला नगर निगम के महापौर सुरिंद्र चौहान, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, उप-महापौर उमा कौशल, वरिष्ठ नागरिक, पुलिस व सैन्य अधिकारी तथा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पूरे समारोह के दौरान रिज मैदान देशभक्ति के नारों, सांस्कृतिक रंगों और उत्साह से सराबोर नजर आया, जिससे गणतंत्र दिवस का यह आयोजन यादगार बन गया।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 3 4 1
Total Users : 399341
Total views : 644604

शहर चुनें