April 6, 2026 1:36 pm

April 6, 2026 1:36 pm

अंकिता भंडारी हत्याकांड: अज्ञात VIP के खिलाफ CBI ने दर्ज किया केस, देहरादून-ऋषिकेश में जांच शुरू

दिल्ली/देहरादून (उत्तराखंड): उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब बड़ा मोड़ आ गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की दिल्ली स्पेशल क्राइम ब्रांच (शाखा-2) ने इस मामले में दिल्ली में एक अज्ञात वीआईपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोमवार को CBI की टीम जांच के सिलसिले में देहरादून और ऋषिकेश पहुंच चुकी है, जहां सबूत जुटाने और विस्तृत पूछताछ की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हालांकि, इस मामले में वनंत्रा रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्या समेत तीनों आरोपियों को पहले ही उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है, लेकिन कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर मामला अब भी सियासी और सामाजिक बहस का केंद्र बना हुआ है। वीआईपी की पहचान अब तक सार्वजनिक नहीं हो पाई है, जिसको लेकर प्रदेश की राजनीति गरमाई हुई है।
इस पूरे विवाद को तब और हवा मिली, जब पूर्व विधायक सुरेश राठौर की कथित पत्नी और अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने सुरेश राठौर के साथ हुई मोबाइल बातचीत की कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग साझा की, जिसमें अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र किया गया था। इस ऑडियो के सामने आने के बाद प्रदेश में राजनीतिक घमासान मच गया। कांग्रेस ने इसे बड़ा मुद्दा बनाते हुए पूरे राज्य में प्रदर्शन किए।
मामले को लेकर कई सामाजिक संगठनों ने भी धरना-प्रदर्शन किए और CBI जांच की मांग तेज हो गई। इसके बाद 9 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हत्याकांड की CBI जांच की संस्तुति दी थी। अब CBI की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने कथित वीआईपी के खिलाफ केस दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, CBI जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्य, बैंकिंग लेन-देन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, वायरल ऑडियो-वीडियो, गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेजी सबूतों की बारीकी से जांच की जाएगी।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के बाद राज्य सरकार ने SIT (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) का गठन किया था। जांच के बाद वनंत्रा रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्या, सहायक प्रबंधक अंकित गुप्ता और कर्मचारी सौरभ भास्कर को गिरफ्तार किया गया। अदालत ने तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई।
पौड़ी जिले की रहने वाली अंकिता भंडारी वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करती थी। 18 सितंबर 2022 को किसी बात को लेकर रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्या और उसके दो साथियों के साथ उसका विवाद हुआ, जो हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि तीनों ने मिलकर अंकिता की हत्या कर दी और शव को चीला नहर में फेंक दिया। बाद में पुलिस ने नहर से अंकिता का शव बरामद किया था।
इस हत्याकांड के बाद पूरे उत्तराखंड में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुए थे। जनता के दबाव और पीड़ित परिवार की मांग के बाद सरकार ने SIT गठित की और बाद में CBI जांच की संस्तुति दी। अब अज्ञात वीआईपी के खिलाफ केस दर्ज होने से एक बार फिर मामला सुर्खियों में आ गया है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 4 9 9
Total Users : 291499
Total views : 493866

शहर चुनें