पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में उस समय हड़कंप मच गया जब कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल सामने आया। जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया और एहतियातन पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवा लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, पंचकूला कोर्ट के सेशन जज को एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ, जिसमें कोर्ट को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। इसकी सूचना तुरंत पुलिस अधिकारियों को दी गई।
धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर तलाशी अभियान शुरू किया गया। डॉग स्क्वॉड की मदद से कोर्ट परिसर के हर कोने की गहन जांच की गई।
पंचकूला की डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने फोन पर बताया कि धमकी भरा मेल मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
डीसीपी ने स्पष्ट किया कि अब तक यह मामला केवल धमकी तक सीमित प्रतीत हो रहा है, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरी सतर्कता बरती गई और सभी जरूरी एहतियाती कदम उठाए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मेल भेजने वाले की पहचान की जा रही है।














Total Users : 417351
Total views : 668730