October 12, 2026 2:52 pm

October 12, 2026 2:52 pm

HARYANA: बिजली लाइनों व ट्रांसफार्मरों से छेड़छाड़ न करें उपभोक्ता

दुर्घटनाओं से बचाव के लिए उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की अपील
चंडीगढ़, 09 फरवरी 2026:. उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) ने किसानों एवं आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे बिजली की लाइनों, ट्रांसफार्मरों तथा अन्य विद्युत उपकरणों से स्वयं किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें और न ही उन्हें ठीक करने का प्रयास करें। निगम के संज्ञान में आया है कि कई स्थानों पर किसान या उपभोक्ता बिना किसी सुरक्षा उपाय के स्वयं ही बिजली फॉल्ट को ठीक करने की कोशिश करते हुए बिजली के खंभों और ट्रांसफार्मरों पर चढ़ जाते हैं, जिससे लगातार गंभीर बिजली संबंधी दुर्घटनाएं हो रही हैं।
बिजली निगम के प्रवक्ता ने बताया कि ऐसे प्रयास न केवल जानलेवा हो सकते हैं, बल्कि आसपास के लोगों के लिए भी खतरा बन सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली से जुड़े रखरखाव और मरम्मत कार्य अत्यंत तकनीकी होते हैं, जिनके लिए विशेष प्रशिक्षण और सुरक्षा उपकरणों की आवश्यकता होती है।
निगम ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे बिजली से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत को स्वयं ठीक करने के बजाय निर्धारित और सुरक्षित माध्यमों से दर्ज कराएं। इसके लिए उपभोक्ता UHBVN समस्त ऐप, टोल फ्री नंबर 1912, 1800-180-1550 या अपने नजदीकी बिजली कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। निगम के कर्मचारी तकनीकी रूप से दक्ष हैं और इस प्रकार के कार्यों के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित होते हैं।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वयं जोखिम उठाने के बजाय सही माध्यम से शिकायत दर्ज कराने से न केवल दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है, बल्कि सुरक्षित और सुचारु बिजली आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा सकती है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 9 9
Total Users : 429199
Total views : 684427

शहर चुनें