April 5, 2026 11:43 pm

April 5, 2026 11:43 pm

HARYANA: बुजुर्गों के बुढ़ापे का सहारा छीन रही है भाजपा सरकार: हुड्डा

कांग्रेस ने बुढ़ापा पेंशन में की थी 5 गुना बढ़ोतरी, बीजेपी ने की सिर्फ 2 गुना — हुड्डा

चंडीगढ़, 13 फरवरी। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा सरकार द्वारा बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन काटे जाने पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि तीसरी बार सत्ता में आने के नशे में भाजपा सरकार लाखों गरीबों के राशन कार्ड और बुजुर्गों की पेंशन बेरहमी से काट रही है। अकेले अंबाला जिले में करीब 54 हजार परिवारों के बीपीएल राशन कार्ड और पेंशन काटे जा चुके हैं। यह बयान हुड्डा ने अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत में दिया।

हुड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में 14 लाख से अधिक राशन कार्ड काटे गए हैं, जो देश में सर्वाधिक हैं। इसी तरह हजारों-लाखों बुजुर्गों की पेंशन पर भी कैंची चलाई जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ बुजुर्ग अपनी पेंशन दोबारा बनवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अहंकार में डूबी सरकार यह दावा कर रही है कि किसी बुजुर्ग की पेंशन नहीं काटी गई। यह पीड़ित लोगों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बुढ़ापा पेंशन 300 रुपये से बढ़ाकर 1,500 रुपये की गई थी, यानी 5 गुना (400 प्रतिशत) बढ़ोतरी की गई। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने 11 साल में पेंशन में केवल 2 गुना (100 प्रतिशत) की ही बढ़ोतरी की है, जबकि इस दौरान महंगाई तीन से चार गुना बढ़ चुकी है।

हुड्डा ने यह भी कहा कि कांग्रेस शासन में बुजुर्गों की आय तय करने के लिए फैमिली आईडी जैसे जटिल सिस्टम का कोई अड़ंगा नहीं था। कांग्रेस ने बुढ़ापा पेंशन को बुजुर्गों के सम्मान से जोड़ते हुए ‘बुढ़ापा सम्मान भत्ता’ के रूप में दिया। लेकिन मौजूदा सरकार ने इसे अपनी मेहरबानी बना दिया है। फैमिली आईडी पर पूरा नियंत्रण सरकार के हाथ में होने के कारण रातों-रात किसी की भी आय बढ़ी हुई दिखाकर बुजुर्गों की पेंशन काट दी जाती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने किसान, कर्मचारी, गरीब मजदूर, गृहिणी, दलित-पिछड़े, अगड़े, स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग के साथ अन्याय किया है। चुनाव से पहले लाखों लोगों के राशन कार्ड बनवाकर उनके वोट लिए गए और जीत के बाद गरीब परिवारों के राशन कार्ड व पेंशन काटने का सिलसिला शुरू कर दिया गया।

हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस इस गंभीर मुद्दे को आगामी बजट सत्र में पूरी ताकत से उठाएगी और किसी भी हाल में सरकार को बुजुर्गों का सहारा छीनने नहीं देगी। बुढ़ापा पेंशन बुजुर्गों के लिए सम्मान राशि है, न कि सरकार की दया या आय का साधन।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 3 4
Total Users : 291334
Total views : 493630

शहर चुनें