चंडीगढ़: शहर के प्रमुख सेक्टर 17 परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य वास्तुकला प्रदर्शनी 16 फरवरी 2026 तक चलेगी। इस प्रदर्शनी में देशभर के विभिन्न राज्यों से आई कुल 200 नामचीन कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। कंपनियों ने अपने-अपने स्टॉल पर इंटीरियर-एक्सटीरियर, बिल्डिंग मटेरियल और आधुनिक तकनीक से जुड़े अत्याधुनिक उपकरणों व आकर्षक सामान को प्रदर्शित किया है। पहले ही दिन से हर उम्र वर्ग के लोगों की भारी भीड़ प्रदर्शनी में देखने को मिल रही है।
आयोजकों के अनुसार, 16 फरवरी तक करीब एक लाख लोगों और खरीदारों के प्रदर्शनी में पहुंचने का अनुमान है। प्रदर्शनी में उपलब्ध प्रोडक्ट्स की विविधता और उनकी कीमतों को लेकर ईटीवी भारत ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहे विशाल मेहता से बातचीत की।
नई तकनीक के साथ कंपनियों का शोकेस
विशाल मेहता ने बताया कि एक ही स्थान पर सैकड़ों कंपनियों की मौजूदगी से उन्हें नई तकनीक और नवीन प्रोडक्ट्स को शोकेस करने का बड़ा मंच मिलता है। इससे न केवल कंपनियों को अपने नए उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, बल्कि आम लोगों को भी बाजार में आ रही नई चीजों की जानकारी मिलती है। उन्होंने कहा कि लोग अब आम प्रोडक्ट्स की बजाय कुछ खास और अलग खरीदना पसंद कर रहे हैं, चाहे वह घर की साज-सजावट हो या रोजमर्रा के जीवन को आसान बनाने वाले आधुनिक उपकरण।
16 फरवरी तक एक लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद
आयोजकों के मुताबिक, प्रदर्शनी में शामिल सभी कंपनियों को 16 फरवरी तक करीब एक लाख ग्राहकों के पहुंचने की उम्मीद है। पहले दिन से ही सुबह से देर शाम तक हर आयु वर्ग के लोग यहां आ रहे हैं और अपनी पसंद व जरूरत के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। इस प्रदर्शनी में ढाई हजार से अधिक आर्किटेक्ट, दो हजार से अधिक बिल्डर और तीन हजार से ज्यादा इंटीरियर डिजाइनर भी हिस्सा ले रहे हैं।
दूसरे राज्यों से भी पहुंच रहे लोग
विशाल मेहता ने बताया कि चंडीगढ़ के अलावा हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से लोग प्रदर्शनी देखने और खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। स्कूल-कॉलेज के छात्र, गृहणियां, कामकाजी महिलाएं-पुरुष और बुजुर्ग सभी वर्गों की अच्छी खासी भागीदारी देखने को मिल रही है।
पॉकेट फ्रेंडली से लेकर हाई-रेंज तक प्रोडक्ट्स
प्रदर्शनी में आम लोगों के लिए पॉकेट फ्रेंडली प्रोडक्ट्स से लेकर हाई-एंड रेंज तक का सामान उपलब्ध है। इसमें बिल्डिंग मटेरियल, होम डेकोर, आकर्षक लाइटिंग, एंटीक आइटम, फर्नीचर, सुरक्षा उपकरण जैसे फेंसिंग, डोर बेल, डोर कैमरा, सोलर पैनल, शोपीस, स्लाइडिंग डोर समेत कई तरह के आधुनिक प्रोडक्ट शामिल हैं। बजट के अनुसार हर वर्ग के लिए यहां कुछ न कुछ खास मौजूद है।











Total Users : 291316
Total views : 493610