August 5, 2026 10:16 am

August 5, 2026 10:16 am

हरियाणा में बढ़ने लगी गर्माहट, 17 फरवरी को बदल सकता है मौसम का मिजाज

चंडीगढ़: हरियाणा में फरवरी के दूसरे सप्ताह के दौरान मौसम का मिजाज बदलता हुआ नजर आ रहा है। दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि पिछले दो दिनों से अधिकतम तापमान में हल्का ठहराव देखा गया है, लेकिन पारा 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार औसत अधिकतम तापमान में बीते दिन के मुकाबले 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, जो सामान्य से करीब 1.9 डिग्री ज्यादा है। दोपहर के समय लोगों को हल्की गर्माहट महसूस हो रही है।

पश्चिमी विक्षोभ का दिखेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले तीन दिनों के बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। 17 फरवरी को हरियाणा के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां संभव हैं। हालांकि व्यापक वर्षा की संभावना नहीं जताई गई है। इसके अलावा अधिकांश दिनों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। विशेषज्ञों के मुताबिक तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है।

इन जिलों में 25 डिग्री से ऊपर पहुंचा पारा
राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है।
हिसार – 25.9°C
महेंद्रगढ़-नारनौल – 25.5°C
भिवानी – 26.6°C
फरीदाबाद – 26.8°C
नूंह – 26.6°C
रोहतक – 25.6°C
सोनीपत – 25.4°C
सबसे अधिक तापमान फरीदाबाद में 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अन्य जिलों में भी पारा 24 से 25 डिग्री के बीच बना रहा।

रबी फसलों पर दिख सकता है असर
मौसम के शुष्क और हल्का गर्म रहने से रबी फसलों पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। गेहूं, सरसों और सब्जियों की फसलों में नमी प्रबंधन जरूरी हो गया है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार तापमान में बढ़ोतरी से फसलों की बढ़वार प्रभावित हो सकती है, इसलिए खेतों की नियमित निगरानी आवश्यक है।

किसानों और पशुपालकों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को हल्की सिंचाई करने की सलाह दी है और अधिक पानी देने से बचने को कहा है, ताकि फसलों की जड़ों में सड़न न हो। सब्जियों और फलदार पौधों में नमी का संतुलन बनाए रखना जरूरी बताया गया है।
वहीं पशुपालकों को सलाह दी गई है कि पशुओं को रात में खुले में न बांधें और उन्हें सूखा व गर्म बिछावन उपलब्ध कराएं, ताकि दुग्ध उत्पादन और पशुओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर न पड़े।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल ठंड का असर लगातार कम हो रहा है और आने वाले दिनों में दिन के तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 8 2 7 0 7
Total Users : 382707
Total views : 622155

शहर चुनें