September 22, 2026 5:20 am

September 22, 2026 5:20 am

हरियाणा में बदलेगा मौसम का मिजाज, 12 जिलों में हल्की बारिश के आसार

चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन मंगलवार से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं। इसके असर से 17 और 18 फरवरी को कई जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि यह बारिश व्यापक नहीं होगी और अधिकतर स्थानों पर छिटपुट रूप में ही देखने को मिलेगी।

12 जिलों में हल्की बारिश की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद और मेवात में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। खासतौर पर दक्षिणी और पश्चिमी हरियाणा में बादल छाए रहने और हल्की फुहारें पड़ने की संभावना जताई गई है। इससे किसानों को कुछ हद तक राहत मिल सकती है, हालांकि भारी बारिश की उम्मीद नहीं है।

उत्तरी जिलों में केवल आंशिक बादल
प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी जिलों—पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, करनाल, पानीपत और सोनीपत—में बारिश की संभावना बेहद कम है। इन इलाकों में सिर्फ आंशिक बादल छाए रहने और बादलों की आवाजाही बने रहने का अनुमान है।

तापमान में लगातार बढ़ोतरी
रविवार को पलवल में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। वहीं अंबाला में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से करीब तीन डिग्री ज्यादा है। फरवरी के मध्य तक पहुंचते-पहुंचते दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

बारिश के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवाओं की दिशा में बदलाव आएगा और तापमान तेजी से बढ़ेगा। आने वाले दिनों में दिन का तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तक और रात का तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। ऐसे में फरवरी के अंत तक ठंड लगभग विदा लेने और प्रदेश में गर्मी की दस्तक देने के आसार हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 7 8 8 2
Total Users : 417882
Total views : 669395

शहर चुनें