चंडीगढ़ | 16 फरवरी।। स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चंडीगढ़ प्रशासन के स्वास्थ्य सचिव मनदीप सिंह बराड़ ने मनीमाजरा, सेक्टर-22 और सेक्टर-45 स्थित सिविल अस्पतालों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य द्वितीयक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना, ताकि आम नागरिकों को इलाज के लिए बड़े अस्पतालों की ओर रुख न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने मरीजों और चिकित्सा कर्मियों से सीधे संवाद कर जमीनी स्तर की समस्याओं को समझा और उपलब्ध सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने, शल्य चिकित्सा सेवाओं का विस्तार करने तथा अस्पताल परिसरों में उपलब्ध स्थान के भविष्य में बेहतर उपयोग पर विशेष बल दिया।
स्वास्थ्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बुनियादी ढांचे के उन्नयन और सेवाओं में सुधार के लिए स्पष्ट व समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने दोहराया कि प्रशासन की प्राथमिकता सुलभ, प्रभावी और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं समुदाय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधा और बेहतर स्वास्थ्य परिणाम मिल सकें।
इस अवसर पर डॉ. सुमन सिंह (निदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं), डॉ. सद्भावना (चिकित्सा अधीक्षक), डॉ. परमजीत सिंह (उप चिकित्सा अधीक्षक) सहित चंडीगढ़ प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।















Total Users : 349193
Total views : 576517