October 13, 2026 6:07 pm

October 13, 2026 6:07 pm

पंजाब में बोर्ड परीक्षाओं के लिए कड़े इंतजाम: 384 उड़न दस्ते, MATQ ऐप और धारा 144 लागू

चंडीगढ़, 19 फरवरी। पंजाब में 8वीं, 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने व्यापक इंतजाम पूरे कर लिए हैं। राज्यभर में 8.18 लाख से अधिक विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल हो रहे हैं।
परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था लागू की है। इसके तहत 384 उड़न दस्तों और 111 विशेष टीमों को तैनात किया गया है, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगी। साथ ही प्रश्न पत्रों की रीयल-टाइम ट्रैकिंग के लिए अपनी तरह की पहली एम.ए.टी.क्यू. (MATQ) ऐप भी पेश की गई है, ताकि पेपर लीक की किसी भी आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
6,792 परीक्षा केंद्र, 5,600 से अधिक कर्मचारी तैनात
राज्य में कुल 6,792 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें:
8वीं कक्षा: 2,307 केंद्र
10वीं कक्षा: 2,367 केंद्र
12वीं कक्षा: 2,118 केंद्र
परीक्षाओं की सुचारू निगरानी के लिए 2,469 सुपरिंटेंडेंट और 3,193 डिप्टी सुपरिंटेंडेंट सहित 5,600 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में धारा 144
परीक्षा माहौल को शांत और अनुशासित बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 144 लागू की गई है। इससे अनधिकृत व्यक्तियों की भीड़ पर रोक लगेगी और नकल पर सख्ती से नियंत्रण रहेगा।

ईमानदारी से परीक्षा देने की अपील
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा,
“परीक्षाएं ज्ञान की आज़माइश के लिए होती हैं। विद्यार्थी निडरता, आत्मविश्वास और ईमानदारी से परीक्षा दें। आपकी मेहनत आपका भविष्य रोशन करेगी और पंजाब को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।”
उन्होंने कहा कि तकनीक, सख्त निगरानी और जीरो टॉलरेंस नीति के साथ राज्य सरकार का पारदर्शी शिक्षा का सपना अब साकार हो रहा है। सरकार की यह पहल शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही, अनुशासन और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 6 4 3
Total Users : 429643
Total views : 685068

शहर चुनें