चंडीगढ़। महालेखाकार (लेखा व हकदारी) पंजाब एवं यू.टी. चंडीगढ़ द्वारा आयोजित इंडियन ऑडिट एंड अकाउंट्स डिपार्टमेंट के नॉर्थ ज़ोन फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में एजी जम्मू-कश्मीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एजी दिल्ली को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। मुकाबला बेहद रोमांचक और उतार-चढ़ाव से भरपूर रहा, जिसमें दोनों टीमों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया।
फाइनल मैच एजी जम्मू-कश्मीर और एजी दिल्ली के बीच खेला गया। मैच की शुरुआत से ही एजी जम्मू-कश्मीर ने आक्रामक रणनीति अपनाई और विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। सटीक पासिंग, मजबूत डिफेंस और बेहतरीन तालमेल के दम पर टीम ने शुरुआती बढ़त बना ली। मैच के 13वें मिनट में वसीम ने शानदार गोल दागकर टीम का खाता खोला और अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। एजी दिल्ली ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन जम्मू-कश्मीर की सुदृढ़ रक्षापंक्ति ने उन्हें सफल नहीं होने दिया।
दूसरे हाफ में मुकाबला और अधिक रोमांचक हो गया। एजी दिल्ली ने वापसी की भरपूर कोशिश की और आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन एजी जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों ने संयम और रणनीति के साथ खेलते हुए बढ़त बरकरार रखी। मैच के 71वें मिनट में आसिफ़ ने दूसरा गोल कर टीम की स्थिति मजबूत कर दी। इसके बाद अंतिम सीटी बजने तक कांटे की टक्कर जारी रही, लेकिन एजी जम्मू-कश्मीर ने 2-0 से जीत सुनिश्चित कर ली।

समापन समारोह में महालेखाकार तृप्ति गुप्ता ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, टीमवर्क और खेल भावना की सराहना की। उपविजेता टीम एजी दिल्ली को रनर-अप ट्रॉफी तथा सभी खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
टूर्नामेंट के दौरान मैचों का संचालन एस. सैमसन राज (रेफरी, कार्यालय प्रधान महालेखाकार तमिलनाडु, चेन्नई), करण सिंह राठौड़ (रेफरी, कार्यालय प्रधान महालेखाकार गुजरात, राजकोट) तथा सी. लियो (कार्यालय प्रधान महालेखाकार कर्नाटक, बेंगलुरु) द्वारा किया गया।

चयन समिति में आर. एस. नेगी (सेलेक्टर, कार्यालय प्रधान महालेखाकार महाराष्ट्र, नागपुर) एवं नरेंद्र सिंह राठौड़ (सेलेक्टर, कार्यालय प्रधान महालेखाकार राजस्थान, जयपुर) शामिल रहे। उनके मार्गदर्शन में प्रतियोगिता का सफल आयोजन सुनिश्चित हुआ।
विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों टीमों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और आयोजन समिति के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।










Total Users : 291150
Total views : 493332