September 22, 2026 8:15 am

September 22, 2026 8:15 am

एनएचपीसी लिमिटेड को राजभाषा कार्यान्वयन में उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय सम्मान

सलाल पावर स्टेशन को ‘ग’ क्षेत्र में प्रथम पुरस्कार, नराकास फरीदाबाद व रियासी को द्वितीय पुरस्कार
अगरतला/नई दिल्ली | 20 फरवरी 2026
देश की अग्रणी जलविद्युत कंपनी एनएचपीसी लिमिटेड को राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग द्वारा प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
एनएचपीसी के सलाल पावर स्टेशन को ‘ग’ क्षेत्र में स्थित उपक्रमों के बीच उत्कृष्ट राजभाषा कार्यान्वयन के लिए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। यह सम्मान माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के कर कमलों से प्रदान किया गया। पुरस्कार श्री उत्तम लाल, निदेशक (कार्मिक), एनएचपीसी तथा श्री अनीश गौराहा, कार्यपालक निदेशक, सलाल पावर स्टेशन ने ग्रहण किया।
नराकास फरीदाबाद और रियासी को भी मिला सम्मान
इसके साथ ही एनएचपीसी लिमिटेड, निगम मुख्यालय फरीदाबाद की अध्यक्षता में संचालित नराकास (का.) फरीदाबाद को द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शील्ड श्री उत्तम लाल, निदेशक (कार्मिक) ने तथा प्रमाण पत्र श्री नवीन कुमार जैन, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) एवं विभागाध्यक्ष (राजभाषा) ने माननीय केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार के कर कमलों से प्राप्त किया।
इसी क्रम में सलाल पावर स्टेशन, ज्योतिपुरम की अध्यक्षता में संचालित नराकास, रियासी को भी द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार श्री संजीव कुमार, उप महाप्रबंधक (मा. सं.) तथा श्री कुलदीप कुमार शर्मा, उप प्रबंधक (राजभाषा) ने ग्रहण किया।
संयुक्त क्षेत्रीय राजभाषा सम्मेलन में हुआ सम्मान समारोह
राजभाषा कार्यान्वयन क्षेत्र के ये प्रतिष्ठित पुरस्कार 20 फरवरी 2026 को अगरतला, त्रिपुरा में आयोजित पूर्व, पूर्वोत्तर एवं उत्तरी क्षेत्रों के संयुक्त क्षेत्रीय राजभाषा सम्मेलन के अवसर पर प्रदान किए गए।
इस समारोह में त्रिपुरा के माननीय मुख्यमंत्री मणिक साहा, त्रिपुरा (पश्चिम) लोकसभा के सांसद बिप्लब कुमार देब, त्रिपुरा (पूर्व) लोकसभा की सांसद कृति देवी देबबर्मन, राज्यसभा सांसद राजीब भट्टाचार्जी तथा सचिव, राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय श्रीमती अंशुली आर्या सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
जलविद्युत के साथ हिंदी संवर्धन में भी अग्रणी
एनएचपीसी ने जलविद्युत उत्पादन और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के साथ-साथ राजभाषा हिंदी के संवर्धन और प्रभावी कार्यान्वयन में भी गुणात्मक प्रगति की है। राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए एनएचपीसी को पूर्व में भी कई राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं।
इन सम्मानों ने न केवल संगठन की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया है, बल्कि सरकारी उपक्रमों में हिंदी के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण भी प्रस्तुत किया है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 7 9 6 8
Total Users : 417968
Total views : 669510

शहर चुनें