पंचकूला, 11 मार्च। पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर से हेरोइन लाकर ट्राइसिटी में सप्लाई करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 260 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 52 लाख रुपये आंकी जा रही है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 7 मार्च को क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक सेक्टर-21 पंचकूला के नजदीक चौक पर भारी मात्रा में हेरोइन के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 के इंचार्ज इंस्पेक्टर दलीप सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन कर मौके पर दबिश दी गई।
पुलिस टीम ने मौके से युवक को काबू कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान तजिन्द्र सिंह उर्फ तनू (20 वर्ष), निवासी अमृतसर, पंजाब के रूप में हुई। आरोपी फिलहाल पंचकूला के सेक्टर-16 स्थित बुढ़नपुर क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 260 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसके बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर 8 मार्च को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी हेरोइन अमृतसर से लाकर ट्राइसिटी क्षेत्र में सप्लाई करता था। रिमांड के दौरान उससे गहन पूछताछ की गई है और उसके अन्य साथियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। रिमांड खत्म होने के बाद आरोपी को आज अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वहीं, पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि आसपास कहीं भी नशा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि मिलकर इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म किया जा सके।










Total Users : 291148
Total views : 493330