August 28, 2026 1:22 am

August 28, 2026 1:22 am

मिडिल ईस्ट हालात को लेकर एलपीजी, पेट्रोल-डीजल आपूर्ति पर मुख्यमंत्री का बड़ा बयान, अफवाहों से बचने की अपील

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर स्पष्ट बयान देते हुए कहा कि प्रदेश में इन सभी ईंधनों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और निर्बाध है। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रही युद्ध जैसी परिस्थितियों को लेकर कुछ लोग घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने की अफवाहें फैला रहे हैं, जो पूरी तरह निराधार हैं।
मुख्यमंत्री ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रदेश में ईंधन आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। बैठक में तेल कंपनियों ने सरकार को आश्वस्त किया कि हरियाणा में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और गैस की आपूर्ति लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि व्यावसायिक सिलेंडरों (कामर्शियल गैस) की आपूर्ति में अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्था की गई है। तेल कंपनियां शेष आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं, ताकि किसी भी क्षेत्र में कमी की स्थिति उत्पन्न न हो।
सरकार ने प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया है। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कहीं भी गैस, पेट्रोल या डीजल की चोरी, कालाबाजारी या जमाखोरी की शिकायत मिलती है तो तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और अनावश्यक घबराहट में ईंधन का भंडारण करने से बचें। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है और हर घर तक घरेलू गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 2 4 9
Total Users : 399249
Total views : 644483

शहर चुनें