August 28, 2026 9:33 am

August 28, 2026 9:33 am

चंडीगढ़ में LPG संकट पर RWA का विरोध, गैस एजेंसियों की मनमानी के खिलाफ कार्रवाई की मांग

चंडीगढ़। ट्राईसिटी में गहराते एलपीजी सिलेंडर संकट को लेकर मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है। एसोसिएशन के चेयरमैन सुभाष धीमान और वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि जनता को हो रही भारी परेशानियों के बावजूद गैस एजेंसियों की मनमानी जारी है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसोसिएशन ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि एलपीजी सप्लाई में आ रही दिक्कतों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए तुरंत ‘श्वेत पत्र’ जारी किया जाए, ताकि जनता को पता चल सके कि सप्लाई चेन में समस्या कहां है और इसे कब तक दूर किया जाएगा।

गैस बुकिंग के लिए भटकते रहे लोग
एसोसिएशन के अनुसार शहर के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी गैस सिलेंडर बुकिंग के लिए दिनभर भटकते रहे। सुभाष नगर की समाजसेवी कमलेश देवी और पूजा रॉय, इंदिरा कॉलोनी के रमेश कुमार शिरसवाल व बबली, सेक्टर-12 की अनीता कालरा, शांति नगर मनीमाजरा के एडवोकेट अरुण कुमार वशिष्ट, सेक्टर-26 के समाजसेवी अजय कुमार, बलटाना की पूनम रावत, डडुमाजरा की ज्योति और प्रीति, तथा मौली जागरा के पादरी रॉबर्ट विलियम सहित कई लोगों ने बताया कि बार-बार प्रयास करने के बावजूद वे गैस सिलेंडर बुक नहीं करवा पाए।
एसोसिएशन का कहना है कि डिजिटल इंडिया के दौर में भी तकनीकी खामियों और गैस एजेंसियों के अड़ियल रवैये के कारण लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।


एजेंसियों की जवाबदेही पर उठे सवाल
चेयरमैन सुभाष धीमान ने कहा कि एक तरफ गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर लोगों को अपने रोजमर्रा के काम छोड़कर गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नियमों के अनुसार गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी एजेंसियों की जिम्मेदारी है, तो उनके दफ्तरों और गोदामों के बाहर हजारों लोगों की भीड़ क्यों लग रही है।

दोषी एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने की मांग
एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की कि जो गैस एजेंसियां कालाबाजारी को बढ़ावा दे रही हैं या समय पर होम डिलीवरी नहीं कर पा रहीं, उन्हें तुरंत ब्लैकलिस्ट किया जाए।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय ने कहा कि सरकार को श्वेत पत्र जारी कर जनता का विश्वास जीतना चाहिए और यह स्पष्ट करना चाहिए कि एलपीजी सप्लाई में बाधा कहां है और इसे कब तक सामान्य किया जाएगा।

कई घरों में नहीं जला चूल्हा
एसोसिएशन ने चिंता जताई कि कई परिवारों के घरों में गैस सिलेंडर खत्म होने के कारण चूल्हा तक नहीं जल पा रहा है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस सप्लाई सामान्य नहीं हुई, तो जनता के हितों की रक्षा के लिए संगठन कड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।

Abhishek Goyat
Author: Abhishek Goyat

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 3 5 4
Total Users : 399354
Total views : 644619

शहर चुनें