पंचकूला। पंचकूला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ से उत्तराखंड ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ ली। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 50 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की, जिनमें कुल 600 बोतलें थीं। इस मामले में हरिद्वार निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जिसे अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ईआरवी-520 की टीम को देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध पिकअप वाहन अवैध शराब की खेप लेकर इलाके से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में नाकाबंदी कर वाहन की तलाश शुरू कर दी।
कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई देने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और नग्गल गांव के पास उसे रोक लिया। इसके बाद वाहन को जांच के लिए रामगढ़ पुलिस चौकी लाया गया।
रामगढ़ चौकी इंचार्ज तजिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जब पिकअप की तलाशी ली तो उसमें से 50 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार इन पेटियों में कुल 600 बोतल शराब भरी हुई थी, जिन्हें बिना किसी वैध अनुमति के ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की पहचान निखिल रस्तोगी (24) निवासी जिला हरिद्वार, उत्तराखंड के रूप में हुई है। जांच के दौरान उसके पास शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या परमिट नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत थाना चंडीमंदिर में मामला दर्ज कर लिया और बरामद शराब को कब्जे में ले लिया।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध शराब चंडीगढ़ से उत्तराखंड ले जाई जा रही थी।
उन्होंने कहा कि पुलिस रिमांड के दौरान पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जाएगी और इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
पंचकूला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।













Total Users : 323603
Total views : 540335