चंडीगढ़। हरियाणा में हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के विधायक आदित्य देवीलाल ने कांग्रेस और बीजेपी दोनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “कांग्रेस ने अपने विधायक बेचे और बीजेपी ने उन विधायकों को खरीदा।”
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनावों में बार-बार हॉर्स ट्रेडिंग होती रही है और इस बार भी वही स्थिति देखने को मिली। देवीलाल ने कहा कि हरियाणा की जनता इस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए थी और अब कांग्रेस व बीजेपी दोनों का “पर्दाफाश” हो चुका है।
कांग्रेस और बीजेपी पर तीखा हमला
आदित्य देवीलाल ने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने मिलकर प्रदेश की जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये में विधायकों की खरीद-फरोख्त की सूचनाएं सामने आई हैं।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदान के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रभारी बी के हरिप्रसाद को यह जानकारी थी कि किस विधायक ने किसे वोट दिया, फिर भी जनता के सामने सच्चाई नहीं रखी गई।
देवीलाल ने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि किन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की और किसने अपना वोट रद्द करवाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक दलित उम्मीदवार को हराने के लिए कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी और संविधान की भावना को ठेस पहुंचाई।
मुख्यमंत्री पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा इनेलो को कांग्रेस की “बी टीम” बताए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए आदित्य देवीलाल ने कहा कि मुख्यमंत्री को “ज्यादा बोलने की आदत है” और उन्हें अपने बयानों की जांच करवानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जो राजनीतिक “गड्ढा” खोदा था, उसमें खुद ही गिर गई है और उनके एक सदस्य का वोट भी रद्द हुआ है।
निर्दलीय उम्मीदवार पर भी उठाए सवाल
देवीलाल ने निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल के संदर्भ में कहा कि नामांकन के दिन उन्होंने खुद को बीजेपी का प्रदेश उपाध्यक्ष बताया था, ऐसे में उनके समर्थन का सवाल ही नहीं उठता।
सदन में उठाया मास्टर प्लान और भू-माफिया का मुद्दा
सदन में प्रश्नकाल के दौरान आदित्य देवीलाल ने राज्य के शहरों के मास्टर प्लान को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने सरकार से पूछा कि कितने शहरों को मास्टर प्लान के तहत अधिसूचित किया गया है और कितने शहर किस चरण में हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मास्टर प्लान के अभाव में भू-माफिया सक्रिय हैं और अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। सफेदपोश लोगों की मिलीभगत से यह काम खुलेआम हो रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है।
नियम-84 के तहत चर्चा की मांग
इनेलो विधायक दल के नेता आदित्य देवीलाल और अर्जुन चौटाला ने राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग पर नियम-84 के तहत चर्चा कराने का प्रस्ताव रखा।
प्रस्ताव में मांग की गई है कि सदन में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हो, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि किन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की और उसके पीछे क्या कारण रहे। इससे प्रदेश की जनता को पूरी सच्चाई पता चल सकेगी।










Total Users : 291139
Total views : 493319