September 20, 2026 12:19 am

September 20, 2026 12:19 am

भारत विकास परिषद् पंचकूला ने मनाया ‘भारतीय नववर्ष उत्सव’, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा अग्रवाल भवन

पंचकूला। भारत विकास परिषद् पंचकूला मुख्य शाखा द्वारा विक्रमी संवत 2083 के उपलक्ष्य में ‘भारतीय नववर्ष उत्सव’ का भव्य आयोजन सेक्टर-16 स्थित अग्रवाल भवन में किया गया। रविवार शाम 5 से 8 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, परिषद पदाधिकारियों और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. परमजीत पाहवा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उद्योगपति दिनेश सिंगला उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में समाजसेवी भारत हितैषी, व्यवसायी एवं समाजसेवी नरेश शर्मा और बलराम शर्मा शामिल रहे। परिषद के प्रधान दीपक दुआ ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई, जिससे पूरे वातावरण में देशभक्ति की भावना व्याप्त हो गई। इसके बाद प्रकल्प प्रमुख पीयूष जैन ने अतिथियों का परिचय करवाया और परिषद की ओर से उनका सम्मान किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने ऑडियो-वीडियो माध्यम से आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत एक प्रेरक नाटिका ने विशेष रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित किया, जिसमें अंग्रेजी नववर्ष के बजाय भारतीय नववर्ष मनाने और भारतीय संस्कृति को अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लखनऊ से आए प्रसिद्ध कवि अटल नारायण का ओजस्वी काव्य पाठ रहा। उनकी राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कविताओं ने श्रोताओं में जोश और उत्साह भर दिया तथा पूरा सभागार देशभक्ति के रंग में रंग गया।
मुख्य वक्ता पुष्पेंद्र कुलश्रेष्ठ ने अपने संबोधन में राष्ट्रवाद और सनातन संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ‘वंदे मातरम्’ को प्रतिदिन पूरे स्वर में गाने का आह्वान किया। उन्होंने सम्मान के प्रतीक के रूप में बुके की बजाय तुलसी का पौधा भेंट करने का सुझाव दिया और समाज में राष्ट्रीय व सांस्कृतिक विषयों पर अधिक चर्चा करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम का संचालन अनिरुद्ध भट्ट और पीयूष जैन ने संयुक्त रूप से किया, जबकि अंत में परिषद के सचिव अशोक गुप्ता ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ।
प्रेस सचिव सुरेश मित्तल ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन समाज में भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 6 4 4 3
Total Users : 416443
Total views : 667522

शहर चुनें