बाबूगिरी ब्यूरो
लुधियाना, 20 मार्च: पंजाब में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लुधियाना में टाटा स्टील के भारत के दूसरे सबसे बड़े स्टील प्लांट का उद्घाटन किया। करीब 3200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह अत्याधुनिक प्लांट राज्य में रोजगार और निवेश के नए अवसर लेकर आया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस प्रोजेक्ट से लगभग 2600–2700 युवाओं को सीधे और 8000 से 10,000 युवाओं को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब पंजाब के युवाओं को रोजगार के लिए विदेश जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि राज्य में ही बड़े उद्योग स्थापित हो रहे हैं।
ग्रीन एनर्जी से स्टील उत्पादन की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्लांट देश का पहला इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस आधारित स्टील प्लांट है, जो ग्रीन ऊर्जा के माध्यम से उत्पादन करेगा। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक तकनीक को बढ़ावा मिलेगा। यह प्लांट 100 प्रतिशत स्टील स्क्रैप का उपयोग करेगा, जिससे यह पर्यावरण के अनुकूल रहेगा।
उद्योगों की वापसी का संकेत
भगवंत सिंह मान ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि गलत नीतियों के कारण उद्योग पंजाब से बाहर चले गए थे, लेकिन अब उद्योग-समर्थक नीतियों के चलते वे वापस लौट रहे हैं। उन्होंने कहा कि टाटा स्टील जैसी बड़ी कंपनी का निवेश राज्य के भविष्य में विश्वास को दर्शाता है।

पंजाब को बनाएंगे औद्योगिक हब
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब को देश के सबसे पसंदीदा औद्योगिक राज्यों में शामिल करना है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य में 1.58 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है, जिससे 5 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।

रतन टाटा को किया याद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रतन टाटा के योगदान को भी याद किया और उन्हें “देश का बेटा” बताया। उन्होंने कहा कि टाटा समूह सामाजिक जिम्मेदारी और औद्योगिक विकास दोनों में अग्रणी रहा है।

बेहतर कनेक्टिविटी और निवेश का फायदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की मजबूत सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी इसे निवेश के लिए आदर्श बनाती है। उन्होंने टाटा समूह से पश्चिमी देशों में बसे पंजाबियों के लिए अधिक उड़ानें शुरू करने का अनुरोध भी किया।

औद्योगिक विकास में नया अध्याय
करीब 115 एकड़ में फैला यह प्लांट पंजाब की औद्योगिक तस्वीर बदलने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह प्रोजेक्ट अन्य कंपनियों को भी पंजाब में निवेश के लिए प्रेरित करेगा और राज्य को मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा, “जब उद्योग बढ़ते हैं तो पंजाब बढ़ता है और जब पंजाब बढ़ता है तो देश आगे बढ़ता है।”











Total Users : 290982
Total views : 493101