October 12, 2026 2:11 pm

October 12, 2026 2:11 pm

आतंकवाद-नक्सलवाद के खात्मे के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

गुरुग्राम में शहीद दिवस समारोह, लेजर वैली पार्क में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा लगाने की घोषणा

बाबूगिरी ब्यूरो

चंडीगढ़/गुरुग्राम, 22 मार्च। नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में आतंकवाद और नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा जैसी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि चुनौती अभी बाकी है, लेकिन देश के जवान हर परिस्थिति से निपटने में सक्षम हैं।
मुख्यमंत्री गुरुग्राम में शहीदी दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जिसमें छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उन्होंने लेजर वैली पार्क में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। कार्यक्रम में भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को पुष्प अर्पित कर नमन किया गया।
“देश की सुरक्षा 140 करोड़ नागरिकों की जिम्मेदारी”
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सुरक्षा केवल सेना या सुरक्षाबलों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का साझा दायित्व है। हर नागरिक को अपने कार्यक्षेत्र में ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करना चाहिए, यही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
शहीदों के परिवारों के लिए सरकार संवेदनशील
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार शहीदों के परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि अब तक 418 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। साथ ही, शहीदों के परिजनों के लिए अनुग्रह राशि 50 लाख से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये की गई है।
38.25 लाख रुपये की सहायता राशि भेंट
कार्यक्रम के दौरान सीआरपीएफ के डीआईजी परम शिवम को 38.25 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया, जो गुरुग्राम होम डेवलपर्स एसोसिएशन द्वारा एकत्रित की गई थी। यह राशि शहीद जवानों के परिवारों के कल्याण में उपयोग की जाएगी।
युवाओं से शहीदों से प्रेरणा लेने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के जीवन से प्रेरणा लें और “राष्ट्र प्रथम” के मंत्र को अपनाएं। उन्होंने कहा कि हरियाणा वीरों की भूमि है और यहां के युवाओं में देश सेवा का जज्बा कूट-कूट कर भरा हुआ है।
इस अवसर पर राव नरबीर सिंह, मुकेश शर्मा, तेजपाल तंवर और मेयर राजरानी मल्होत्रा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 7 8
Total Users : 429178
Total views : 684399

शहर चुनें