June 15, 2026 2:15 pm

June 15, 2026 2:15 pm

HARYANA: विकसित भारत 2047 के संकल्प में हरियाणा अग्रणी: CM नायब सिंह सैनी

गुरुग्राम में विकसित बादशाहपुर महारैली और आवास वितरण समारोह, 2709 परिवारों को मिली घर की चाबी

बाबूगिरी ब्यूरो

चंडीगढ़/गुरुग्राम, 22 मार्च — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में हरियाणा अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस विजन को जमीन पर उतारने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री रविवार को गुरुग्राम के बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव काकरौला में आयोजित विकसित बादशाहपुर महारैली एवं मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के आवास आबंटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने 2709 लाभार्थियों को उनके सपनों के घर की चाबियां सौंपीं।

बादशाहपुर बना विकास की नई पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो क्षेत्र कभी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करते थे, आज वही विकास की मिसाल बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में बादशाहपुर क्षेत्र में 15,166 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं लागू की गईं, जबकि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में यह आंकड़ा केवल 967 करोड़ रुपये था। उन्होंने कहा कि यह अंतर सरकार की विकास के प्रति स्पष्ट नीयत को दर्शाता है।

तीसरे कार्यकाल में भी विकास पर फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में भी सर्वांगीण विकास और हर वर्ग के हितों की सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नवरात्र के अवसर पर हजारों गरीब परिवारों को घर सौंपना सरकार की जनकल्याणकारी सोच का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि बजट 2026-27 के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में 23,154 नए मकान बनाए जाएंगे, जबकि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत 16 शहरों में 15,251 प्लॉट आवंटित किए जाएंगे।

हरियाणा बनेगा औद्योगिक क्रांति का अग्रदूत

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा वर्ष 2047 तक औद्योगिक क्रांति का अग्रणी राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम और मानेसर इस परिवर्तन में अहम भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा बादशाहपुर क्षेत्र में 236 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें सड़क, सीवरेज और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाएं शामिल हैं।

बड़ी घोषणाएं: सड़क, पानी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर

मुख्यमंत्री ने कई अहम घोषणाएं करते हुए कहा कि फारूखनगर–गुरुग्राम मार्ग को 365 करोड़ रुपये की लागत से फोर-लेन किया जाएगा। इसके अलावा:

गांव बुढ़ेड़ा में सामुदायिक केंद्र का निर्माण

न्यू गुरुग्राम में सड़कों को 24 मीटर तक चौड़ा करने की योजना

गांव टिकली में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट

सेक्टर 90-95 में श्मशान घाट निर्माण

गुरुग्राम, मानेसर और फर्रूखनगर में फायर स्टेशन

100 किमी से अधिक सड़कों का रखरखाव और मरम्मत

इसके साथ ही बादशाहपुर क्षेत्र के विकास के लिए अतिरिक्त 5 करोड़ रुपये देने की भी घोषणा की गई।

पर्यावरण और हरियाली पर विशेष ध्यान

राव नरबीर सिंह ने बताया कि अरावली क्षेत्र के गांवों में 200 एकड़ भूमि पर ‘नमो वन’ विकसित किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं शहरी क्षेत्रों में पार्कों और ग्रीन बेल्ट के रखरखाव के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

महारैली में दिखा ग्रामीण उत्साह

विकसित बादशाहपुर महारैली में लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। बड़ी संख्या में ग्रामीण पारंपरिक अंदाज में ऊँट और घोड़ों पर सवार होकर कार्यक्रम में पहुंचे, जिससे आयोजन में सांस्कृतिक रंगत देखने को मिली।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे, जबकि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को देशभक्ति और उत्साह से भर दिया।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 0 5 8
Total Users : 344058
Total views : 569429

शहर चुनें