October 12, 2026 1:26 pm

October 12, 2026 1:26 pm

सांसद कुमारी सैलजा ने पंचकूला में चौधरी भजनलाल की प्रतिमा का किया अनावरण, भाजपा पर साधा निशाना

पंचकूला, 22 मार्च — अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने आज पंचकूला के सेक्टर-15 स्थित बिश्नोई भवन में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की प्रतिमा का अनावरण किया।

इस अवसर पर सैलजा ने चौधरी भजनलाल को दूरदर्शी एवं कुशल राजनीतिज्ञ बताते हुए कहा कि हरियाणा के विकास में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि भजनलाल सामाजिक एकता, भाईचारे और सामाजिक न्याय के प्रबल समर्थक थे, इसलिए आज भी सभी वर्गों के लोग उन्हें सम्मानपूर्वक याद करते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देती रहेगी। इस मौके पर बिश्नोई सभा द्वारा सांसद का सम्मान भी किया गया।

भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार की नीतियों और पंचकूला नगर निगम की वार्डबंदी पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से खिलवाड़ कर रही है, जो उनकी राजनीतिक कमजोरी को दर्शाता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि पंचकूला की जनता आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को विजय दिलाएगी।

गैस किल्लत और महंगाई पर सरकार को घेरा

सैलजा ने प्रदेश में बढ़ती गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी को सरकार की विफलता बताया। उन्होंने कहा कि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे, जिससे जनता परेशान है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा धर्म के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति कर रही है, जबकि विकास के दावे खोखले साबित हो रहे हैं।

स्मार्ट सिटी और सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल

सांसद ने कहा कि देश में स्मार्ट सिटी की अवधारणा जमीनी स्तर पर सफल नहीं हो पाई है और शहरों में मूलभूत सुविधाएं अब भी अधूरी हैं। उन्होंने कहा कि पंचकूला जैसे आधुनिक शहर में भी कचरे के ढेर लगे हुए हैं और विकास कार्यों की गति थम गई है।

उन्होंने बताया कि इन मुद्दों को वह कई बार लोकसभा में उठा चुकी हैं, लेकिन सरकार की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

इस मौके पर विधायक चंद्र मोहन बिश्नोई, विधायक अकरम खान, कालका के पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, रामकिशन गुर्जर, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुधा भारद्वाज सहित बिश्नोई सभा के पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 6 2
Total Users : 429162
Total views : 684375

शहर चुनें