August 27, 2026 5:36 am

August 27, 2026 5:36 am

दिल्ली-NCR में कड़ाके की ठंड और कोहरे का कहर, AQI 263 पर बरकरार

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR इन दिनों भीषण ठंड की चपेट में है। नए साल के पहले ही सप्ताह में मौसम ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। घना कोहरा, सर्द हवाएं और दिनभर धूप न निकलने से लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रही है। सुबह और शाम के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, जबकि गलन के चलते लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आ रहे हैं।
राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह 7:30 बजे तक औसतन वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 263 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। मौसम की मार के साथ-साथ प्रदूषण भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।
रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 0.5 डिग्री अधिक है। दिल्ली का पालम इलाका सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक सुबह के समय हल्का से घना कोहरा छाया रह सकता है। हालांकि सोमवार को दिन में मौसम ज्यादातर साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम धुंध के कारण सुबह के समय दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है।
आईएमडी के अनुसार 6 जनवरी से 10 जनवरी तक मौसम सामान्यतः साफ बना रहेगा। इस दौरान दिन और रात के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। अधिकतम तापमान 18 से 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
उधर, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली-NCR में बीते दो दिनों से प्रदूषण स्तर में हल्की कमी दर्ज की गई है। सोमवार सुबह फरीदाबाद में AQI 272, गुरुग्राम में 283, गाजियाबाद में 278, ग्रेटर नोएडा में 249 और नोएडा में 255 दर्ज किया गया।
कुल मिलाकर राजधानी दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI स्तर 200 से ऊपर और 300 के बीच बना हुआ है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 8 7 2 6
Total Users : 398726
Total views : 643668

शहर चुनें