नूँह: नूँह जिले के पिनगवां कस्बे में हरिओम ज्वेलर्स से करोड़ों रुपये के सोना-चांदी के जेवरात चोरी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने गुरुग्राम में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जयपुर निवासी यादराम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 27 दिसंबर को पिनगवां के हरिओम ज्वेलर्स शोरूम में करोड़ों रुपये के जेवरात चोरी किए गए थे, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सीआईए पुन्हाना टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी यादराम गुरुग्राम के भोंडसी इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुन्हाना सीआईए और गुरुग्राम सेक्टर-40 सीआईए की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की।
जैसे ही पुलिस टीम आरोपी के ठिकाने पर पहुंची, उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से यादराम के दोनों पैरों में चोट आई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से उसे काबू में लेकर तुरंत गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
नूँह पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई पुन्हाना और गुरुग्राम पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। आरोपी लूट की वारदात में सीधे तौर पर शामिल था। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी किए गए जेवरात को लेकर अहम सुराग हाथ लगेंगे।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी संभव है।













Total Users : 338858
Total views : 562027