April 5, 2026 6:18 am

April 5, 2026 6:18 am

HARYANA: गोहाना के विकास पर सरकार का बड़ा फोकस, 1,794 करोड़ रुपये खर्च – CM नायब सिंह सैनी

113.62 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास, विकास को मिलेगी नई गति

बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 29 मार्च — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गोहाना में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार गोहाना विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पिछले 11.5 वर्षों में क्षेत्र के विकास पर 1,794 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जो कांग्रेस शासन के दौरान खर्च किए गए 741 करोड़ रुपये से कहीं अधिक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवधि में की गई 97 घोषणाओं में से 87 को पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष परियोजनाओं पर तेजी से कार्य जारी है। उन्होंने पूर्व सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही का अभाव था।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 113.62 करोड़ रुपये की 16 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 20.52 करोड़ रुपये की 7 परियोजनाओं का उद्घाटन तथा 93.10 करोड़ रुपये की 9 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा और देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं। “डबल इंजन सरकार” के तहत विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को सशक्त, युवाओं को आत्मनिर्भर और महिलाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन देना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने जानकारी दी कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए 217 वादों में से 60 पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 153 पर काम चल रहा है और सभी वादे तय समय में पूरे किए जाएंगे।
जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत करीब 10 लाख महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक 834 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं, जबकि बजट में 6,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
कृषि क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी जा रही हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पिछले 11 वर्षों में 16,160 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है, जबकि पूर्व सरकार के दौरान यह आंकड़ा केवल 1,138 करोड़ रुपये था।
इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 20.18 लाख किसानों को 22 किश्तों में 7,562 करोड़ रुपये सीधे उनके खातों में ट्रांसफर किए गए हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 3,200 रुपये प्रति माह किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 18,470 परिवारों को प्लॉट और फ्लैट दिए गए हैं, जबकि ग्रामीण योजना के तहत 12,031 प्लॉट आवंटित किए गए हैं। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है और किडनी मरीजों के लिए मुफ्त डायलिसिस सेवा उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा एग्री डिस्कॉम का गठन किया गया है और 1.40 लाख हेक्टेयर खारे पानी की जमीन को खेती योग्य बनाया जाएगा।
इस दौरान सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि 2024 में लगातार तीसरी बार भाजपा को सत्ता में लाना जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार “हरियाणा एक-हरियाणवी एक” के सिद्धांत पर काम कर रही है और सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि मौजूदा बजट को तैयार करने के लिए 5,000 से अधिक सुझाव लिए गए और लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ अब 1.80 लाख रुपये तक की आय वाले परिवारों को भी मिलेगा। उन्होंने गोहाना को गुरुग्राम और फरीदाबाद की तर्ज पर विकसित करने की बात कही और इसे जिला बनाने की मांग भी उठाई।
कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्ढा, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, विधायक निखिल मदान, कृष्णा गहलावत सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 0 9 8 2
Total Users : 290982
Total views : 493101

शहर चुनें