April 5, 2026 1:18 pm

April 5, 2026 1:18 pm

HARYANA: युवाओं की बदली सोच से राष्ट्र निर्माण को मिल रही नई गति: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 29 मार्च — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश में युवाओं की बदलती सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण से राष्ट्र निर्माण को नई गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के विचारों में व्यापक परिवर्तन आया है, जिसका असर देश के समग्र विकास पर साफ दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री रविवार को कुरुक्षेत्र स्थित भाजपा जिला कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 132वें संस्करण को सुनने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, जिलाध्यक्ष तिजेंद्र सिंह गोल्डी और जिला प्रभारी दीपक शर्मा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भारत को दुनिया का सबसे युवा देश बताया और युवाओं की ऊर्जा व नवाचार क्षमता को राष्ट्र निर्माण का आधार बताया। उन्होंने विशेष रूप से यमुनानगर के युवा प्रथम बराड़ की सोच की सराहना की, जिन्होंने “ग्रीन और क्लीन भारत” को ही समृद्ध भारत की पहचान बताया।
जल संरक्षण पर जोर, अमृत सरोवर योजना से बढ़ेगा भूजल स्तर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती गर्मी के मद्देनज़र प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण और संचय को लेकर देशवासियों से अपील की है। हरियाणा सरकार भी ‘अमृत सरोवर’ योजना के तहत बरसाती पानी के संरक्षण का अभियान चला रही है। इन सरोवरों की सफाई कर वर्षा जल को संग्रहित किया जाएगा, जिससे भूजल स्तर में सुधार होगा और भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विभिन्न राज्यों के उदाहरण देकर यह भी बताया कि किस प्रकार जल संरक्षण से खेती की उत्पादकता बढ़ाई जा सकती है।
सूर्य घर योजना में हरियाणा की सक्रिय भूमिका
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में हरियाणा अहम भूमिका निभा रहा है। इस योजना के तहत राज्य सरकार अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान कर रही है। 1 लाख 80 हजार रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को 2 किलोवाट का सोलर सिस्टम मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य संबंधी संदेश का जिक्र करते हुए कहा कि नागरिकों को अपने भोजन में शुगर की मात्रा कम करनी चाहिए, जिससे मोटापा और बीमारियों से बचाव संभव है। इसके साथ ही शिक्षा, खेल, पौधारोपण, मत्स्य पालन और योग को भी जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर बल दिया गया।
‘मन की बात’ बना जनसंवाद का सशक्त माध्यम
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर चर्चा का एक प्रभावी मंच बन चुका है। इसके माध्यम से सरकार की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाया जाता है और लोगों की प्रतिक्रिया भी जानी जाती है। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री और देशवासियों के बीच सीधे संवाद का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में देशभर से प्रेरणादायक कहानियां, सामाजिक नवाचार और जनभागीदारी के उदाहरण साझा किए जाते हैं, जो समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
माई गव पोर्टल से जुड़ रही जनता की आवाज
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नागरिकों के सुझावों और विचारों को साझा करने के लिए MyGov पोर्टल की शुरुआत की है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से आम लोग अपने विचार भेज सकते हैं, जिनमें से कुछ को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी शामिल किया जाता है।
उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ का मुख्य उद्देश्य संवाद स्थापित करना और आम जनता तक प्रधानमंत्री के विचारों को पहुंचाना है। रेडियो के माध्यम से यह कार्यक्रम देश के दूरदराज क्षेत्रों तक भी पहुंचता है, जिससे हर वर्ग के लोग इससे जुड़ पाते हैं।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को नवाचार, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह प्रयास देशवासियों में जिम्मेदारी, सेवा और विकास की भावना को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 1 4 8
Total Users : 291148
Total views : 493330

शहर चुनें