बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 29 मार्च — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की मौजूदा स्थिति पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में नशा, अपराध, अराजकता, वित्तीय संकट और गिरती कानून व्यवस्था अब किसी से छुपी नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता अब झूठे वादों से ऊब चुकी है और बदलाव चाहती है।
रविवार को पंजाब के कुराली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का मतदाता जागरूक है और अपने अनुभव के आधार पर निर्णय ले रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने पहले कांग्रेस और फिर आम आदमी पार्टी को मौका दिया, लेकिन दोनों ही सरकारें अपने वादों पर खरी नहीं उतर सकीं।
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी खुद को ईमानदारी का प्रतीक बताती है, उसके शासन में आज पंजाब में हालात बदतर हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि “झूठ के सहारे कब तक सियासत चलेगी, जब सच सामने आएगा तो तस्वीर बदलेगी।”
उन्होंने कहा कि पंजाब को अब एक मजबूत “डबल इंजन” सरकार की जरूरत है, जो केवल वादे न करे बल्कि उन्हें पूरा करने की क्षमता भी रखे। उन्होंने जनता से भारतीय जनता पार्टी को मौका देने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण के प्रति समर्पित है।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में राज्य में पारदर्शी शासन स्थापित किया गया है और बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि “पर्ची-खर्ची” की व्यवस्था को खत्म कर लगभग 2 लाख युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां दी गई हैं।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर बात करते हुए उन्होंने ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का उल्लेख किया, जिसके तहत 2100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जा रही है। अब तक 9.56 लाख महिलाओं को 834 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार महिलाओं से किए गए वादे पूरे करने में विफल रही है।
इसके अलावा, उन्होंने बताया कि हरियाणा में गरीब परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे 14 लाख से अधिक लाभार्थियों को फायदा मिला है। किसानों के हितों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में सभी 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर की जा रही है और अब तक 12 लाख किसानों को 1.64 लाख करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल नुकसान पर किसानों को मुआवजा, फसल बीमा योजना और ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ के तहत भी बड़े पैमाने पर सहायता दी गई है। साथ ही, पराली प्रबंधन के लिए किसानों को 50 प्रतिशत सब्सिडी पर मशीनें उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाला चुनाव पंजाब के भविष्य का चुनाव है और हर वोट राज्य को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाएगा।











Total Users : 290982
Total views : 493101