April 7, 2026 3:15 pm

April 7, 2026 3:15 pm

PANCHKULA: ITBP भानू में 97 हिमवीर और हिमवीरांगनाएं देश सेवा के लिए तैयार

496वें जीडी बैच का भव्य दीक्षांत समारोह, 44 सप्ताह के कठोर प्रशिक्षण के बाद जवानों ने ली शपथ
बाबूगिरी ब्यूरो
पंचकूला, 30 मार्च 2026: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के प्राथमिक प्रशिक्षण केंद्र, भानू (पंचकूला, हरियाणा) में सोमवार को 496वें जीडी रिक्रूट (पुरुष/महिला) बैच का दीक्षांत एवं शपथ ग्रहण समारोह भव्यता और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर देश के 22 राज्यों से आए 97 प्रशिक्षणार्थियों ने 44 सप्ताह का कठोर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर देश सेवा के लिए स्वयं को समर्पित किया।
समारोह के मुख्य अतिथि अशोक नेगी, महानिरीक्षक, आईटीबीपी भानू रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ब्रिगेडियर जे.एस. गोराया, उप महानिरीक्षक, बीटीसी द्वारा मुख्य अतिथि के स्वागत से हुई। इस भव्य आयोजन में आईटीबीपी के अधिकारी, अधीनस्थ कर्मचारी, संस्थान के पदाधिकारी, प्रशिक्षणार्थियों के परिवारजन तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।


दीक्षांत परेड इस समारोह का मुख्य आकर्षण रही। परेड की कमान कांस्टेबल (जीडी रिक्रूट) आल्ती वेंकटालक्ष्मी (39वीं वाहिनी) ने सशक्त नेतृत्व के साथ संभाली। परेड के दौरान जवानों ने अनुशासन, तालमेल और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं कांस्टेबल (जीडी रिक्रूट) गोपाल कुमार (46वीं वाहिनी) को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी’ घोषित किया गया।


मुख्य अतिथि अशोक नेगी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह दिन सभी प्रशिक्षणार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, क्योंकि अब वे आईटीबीपी के ‘हिमवीर’ परिवार का हिस्सा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा का दायित्व अत्यंत सम्मान और जिम्मेदारी का कार्य है, जिसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाना होगा।

उन्होंने आगे कहा कि आईटीबीपी जैसे अनुशासित और प्रतिष्ठित बल में सेवा का अवसर मिलना गर्व की बात है। प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान, कौशल और अनुशासन को अपने पूरे करियर में बनाए रखना ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने जवानों को निरंतर सीखते रहने और हर चुनौती का सामना दृढ़ता से करने के लिए प्रेरित किया।


इस अवसर पर बीटीसी भानू के प्रशिक्षकों और जवानों द्वारा विभिन्न प्रकार के आकर्षक प्रदर्शन प्रस्तुत किए गए। इन प्रदर्शनों में शारीरिक क्षमता, युद्ध कौशल, साहस और टीमवर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। दर्शकों ने इन प्रस्तुतियों की जोरदार सराहना की।

उल्लेखनीय है कि इस 44 सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कड़ा प्रशिक्षण दिया गया। इसमें ड्रिल, हथियार संचालन, मैप रीडिंग, टैक्टिक्स और फील्ड क्राफ्ट जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। प्रशिक्षकों ने अपने अनुभव और समर्पण के बल पर जवानों को हर चुनौती के लिए तैयार किया।
समारोह के अंत में मुख्य अतिथि ने सभी नव-प्रशिक्षित हिमवीरों और हिमवीरांगनाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि ये सभी जवान देश की सीमाओं की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाते हुए आईटीबीपी का नाम और गौरव बढ़ाएंगे।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 9 4 8
Total Users : 291948
Total views : 494480

शहर चुनें