नेचर कैंप थापली में पंजाब विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से किया संवाद, पर्यावरण संरक्षण व राष्ट्र निर्माण पर मिला मार्गदर्शन
बाबूगिरी ब्यूरो
पंचकूला, 31 मार्च: हरियाणा सरकार के युवा कल्याण कार्यक्रम के तहत आयोजित तीन दिवसीय नेचर कैंप थापली में आज पंजाब विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने संत कबीर कुटीर में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री से मिलकर विद्यार्थी उत्साह और गर्व से भर उठे, वहीं मुख्यमंत्री ने भी विद्यार्थियों से आत्मीयता के साथ संवाद करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं के सर्वांगीण विकास को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

युवा कल्याण संयोजक नरेंद्र सिंह ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट विज़न है कि हरियाणा और पंजाब का युवा शिक्षित, सक्षम और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बने। उन्होंने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा हासिल कर देश सेवा के लिए प्रेरित किया। साथ ही विदेश पलायन की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि युवा अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग देश में ही करें, तो इससे प्रदेश और देश की प्रगति को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम हरियाणा सरकार के युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को नेचर कैंप थापली में आमंत्रित किया जाता है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति के सान्निध्य में लाकर उन्हें पर्यावरणीय तंत्र (ईकोसिस्टम) की कार्यप्रणाली से अवगत कराना है।
कैंप के दौरान छात्र-छात्राओं को जैव विविधता, जल संरक्षण, वन संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी जाती है। इसके साथ ही “राष्ट्र प्रथम” की भावना को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाता है, जिससे युवाओं में देशभक्ति और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।
डिप्टी रेंज ऑफिसर विजय नेहरा ने विद्यार्थियों को सतत विकास एवं पारिस्थितिकीय परिवर्तन विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों, पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कैंप संयोजक नैंसी, रेंज ऑफिसर संजय, डिप्टी रेंज ऑफिसर विजय नेहरा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम की सराहना की और युवाओं से आह्वान किया कि वे पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इस अनुभव को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन उन्हें न केवल प्रकृति के करीब लाते हैं, बल्कि जीवन में सकारात्मक दिशा भी प्रदान करते हैं।













Total Users : 344054
Total views : 569425