June 15, 2026 2:17 pm

June 15, 2026 2:17 pm

हरियाणा स्वच्छता में अग्रणी: एसबीएम-ग्रामीण के तहत राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन, 2026-27 के लिए 291 करोड़ की योजना मंजूर

चंडीगढ़, 03 अप्रैल — स्वच्छ भारत मिशन–ग्रामीण (एसबीएम-जी) के तहत हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। ग्रामीण स्वच्छता के प्रमुख मानकों पर राज्य का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से बेहतर रहा है, जिससे स्वच्छता अभियान में हरियाणा की मजबूत स्थिति सामने आई है।
ओडीएफ प्लस मॉडल श्रेणी में हरियाणा ने 91.08 प्रतिशत कवरेज हासिल किया है, जो राष्ट्रीय औसत 85.3 प्रतिशत से अधिक है। प्रदेश के कुल 6,618 गांवों में से 6,520 गांव ओडीएफ प्लस हो चुके हैं, जबकि 6,028 गांवों को मॉडल श्रेणी का दर्जा मिल चुका है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हरियाणा राज्य स्वच्छ भारत मिशन (एचएसएसबीएम) की कार्यकारी समिति की पांचवीं बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान वर्ष 2026-27 के लिए 291.40 करोड़ रुपये की वार्षिक कार्य योजना को भी मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक में विकास एवं पंचायत विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. साकेत कुमार ने बताया कि वर्ष 2014-15 में मिशन की शुरुआत से अब तक राज्य में 7.35 लाख से अधिक व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है। इससे ग्रामीण परिवारों को न केवल सम्मान मिला है, बल्कि उनके स्वास्थ्य में भी सुधार हुआ है।
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 7,941 शौचालयों का निर्माण किया गया, जो निर्धारित लक्ष्य 6,670 से अधिक है। इसी अवधि में 2 लाख से ज्यादा लाभार्थी परिवारों को 191.73 करोड़ रुपये की राशि सीधे प्रदान की गई।
वर्ष 2026-27 के लिए स्वीकृत योजना के तहत नए घरेलू शौचालयों के निर्माण के साथ-साथ सामुदायिक स्वच्छता परिसर विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा गांवों में ठोस और तरल कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों की स्थापना और बायोगैस (गोबर-धन) परियोजनाओं को भी लागू किया जाएगा।
बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव शेखर विद्यार्थी, मिशन निदेशक अमृता सिंह, हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की राज्य परियोजना निदेशक वर्षा खंगवाल और एसएलटीएफ के उपाध्यक्ष सुभाष चन्द्र सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 0 5 8
Total Users : 344058
Total views : 569429

शहर चुनें