September 22, 2026 8:31 am

September 22, 2026 8:31 am

प्रैस एडवाइजरी कमेटी ने स्पीकर हरविंदर कल्याण का किया अभिनंदन, कर्नाटक दौरे के अनुभव साझा

चंडीगढ़, 3 अप्रैल। हरियाणा विधानसभा की प्रैस एडवाइजरी कमेटी (2025-26) ने अध्यक्ष चन्द्र शेखर धरणी के नेतृत्व में विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण से शिष्टाचार भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान हाल ही में सम्पन्न कर्नाटक स्टडी टूर के अनुभवों और वहां की संसदीय कार्यप्रणाली से जुड़ी अहम जानकारियां साझा की गईं।
स्टडी टूर से लौटने के बाद कमेटी सदस्यों ने कर्नाटक की पारंपरिक शैली में स्पीकर का सम्मान करते हुए उन्हें माला पहनाकर अभिनंदन किया। इसे केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि हरियाणा विधानसभा की मीडिया और संसदीय व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उठाए गए कदम के प्रति आभार का प्रतीक बताया गया।
कमेटी अध्यक्ष चन्द्र शेखर धरणी ने बताया कि कर्नाटक विधानसभा अध्यक्ष यू.टी. खादर ने प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। दौरे के दौरान सदस्यों ने कर्नाटक विधानसभा की कार्यप्रणाली, ऐतिहासिक भवन, स्थापत्य कला और संसदीय परंपराओं का गहन अध्ययन किया।
उन्होंने कहा कि यह दौरा हरियाणा विधानसभा की मीडिया प्रणाली, संवाद व्यवस्था और संसदीय कार्यप्रणाली को आधुनिक और परिणाममुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे मिले अनुभव भविष्य में कार्यशैली और समन्वय को बेहतर बनाने में सहायक होंगे।
इस अवसर पर स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य विधानसभा के माध्यम से संचालित होते हैं, इसलिए इसकी कार्यप्रणाली को मजबूत बनाना लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है। उन्होंने समितियों की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि समितियों के माध्यम से किया गया गहन कार्य कई बार सदन की मुख्य कार्यवाही जितना ही महत्वपूर्ण होता है।
“विधानसभा की समितियां वास्तव में मिनी हाउस की तरह काम करती हैं,” उन्होंने कहा।
स्पीकर ने आगे बताया कि हरियाणा उन राज्यों में शामिल है जहां ‘जीरो आवर’ जैसी प्रभावी संसदीय व्यवस्था को महत्व दिया गया है। साथ ही राज्य में अर्बन लोकल बॉडीज़ का देश का पहला बड़ा सम्मेलन आयोजित होना भी प्रशासनिक सक्रियता का उदाहरण है।
उन्होंने विश्वास जताया कि कर्नाटक स्टडी टूर से प्राप्त अनुभवों के आधार पर हरियाणा विधानसभा की संस्थागत क्षमता, मीडिया समन्वय और लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूती मिलेगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 7 9 7 6
Total Users : 417976
Total views : 669518

शहर चुनें