April 5, 2026 1:40 am

April 5, 2026 1:40 am

सफीदों में मुख्यमंत्री नायब सैनी का बड़ा विकास पैकेज, घोषणाओं की झड़ी

सफीदों (जींद), 4 अप्रैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को जिला जींद के सफीदों में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली में क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, सड़क, सिंचाई और ग्रामीण ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि सफीदों के सरकारी अस्पताल को अपग्रेड कर 100 बेड का बनाया जाएगा। इसके साथ ही सिवाना माल और खातला गांव में पशु अस्पतालों की नई इमारतें बनाई जाएंगी। सफीदों में रामसर पार्क और ऑडिटोरियम का निर्माण होगा, जबकि विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त ई-लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पानीपत रोड पर नगरपालिका सीमा में महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम से भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा।
इसके अलावा सफीदों में बीएससी नर्सिंग कॉलेज का भवन जल्द तैयार किया जाएगा और कन्या राजकीय महाविद्यालय की चारदीवारी का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। शहर के पीपल वाला मोहल्ला, वार्ड नंबर-7 गुल्जारी चौक क्षेत्र में घरों के ऊपर से गुजर रही 33 केवी बिजली लाइन को नियमानुसार हटाने की घोषणा भी की गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली ढांचे को मजबूत करने के लिए खेड़ा खेमावती के 33 केवी सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाकर 33 एमवीए की जाएगी। वहीं खेड़ी तलौड़ा स्थित 132 केवी सब स्टेशन की क्षमता को चरणबद्ध तरीके से 40-45 एमवीए तक बढ़ाया जाएगा। सीवान माला गांव में नया 33 केवी सब स्टेशन स्थापित किया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए रजाना कलां और ढांटरथ गांवों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) की नई इमारतें बनाई जाएंगी। सरकारी स्कूलों में एक करोड़ रुपये की लागत से सिविल कार्य करवाए जाएंगे। पिल्लूखेड़ा में जमीन उपलब्ध होने पर फायर स्टेशन बनाया जाएगा और सफीदों फायर स्टेशन को दो नए फायर टेंडर दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने सिंचाई और जल प्रबंधन के क्षेत्र में भी बड़ी घोषणा करते हुए गंगोली, कालवा, भड़ताना और सीवाना माल डिस्ट्रीब्यूटरी के पुनर्वास कार्य पर 12.50 करोड़ रुपये खर्च करने की बात कही। इसके अलावा गांवों में ग्राम सचिवालय बनाए जाएंगे और अंटा में कैनाल रेस्ट हाउस की मरम्मत करवाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि पिल्लूखेड़ा में जमीन मिलने पर आईटीआई खोली जाएगी और सफीदों क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का 2 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किया जाएगा। मुआना गांव में बायोगैस प्लांट स्थापित होगा, जबकि मोरखी में कम्यूनिटी सेंटर बनाया जाएगा। कालवा के ययाति सूर्य कुंड मंदिर की रिटेनिंग वॉल भी बनाई जाएगी।
बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के तहत अनाज मंडी सफीदों में सड़कों की मरम्मत, नए शेड और अन्य कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। पिल्लूखेड़ा में जमीन उपलब्ध होने पर सब्जी मंडी बनाई जाएगी और सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण व मरम्मत के लिए 6 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सफीदों में नया रेस्ट हाउस बनाया जाएगा, जिस पर करीब 9.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पीडब्ल्यूडी विभाग के तहत करीब 19 करोड़ रुपये की लागत से 12 सड़कों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही 22.89 करोड़ रुपये से 39.36 किलोमीटर लंबाई की सड़कों की विशेष मरम्मत होगी। मार्केट कमेटी की सड़कों के सुदृढ़ीकरण के साथ 56.70 किलोमीटर लंबाई की 8 सड़कों की मरम्मत भी 5.86 करोड़ रुपये में की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफीदों विधानसभा क्षेत्र में 25 किलोमीटर तक खेतों के रास्तों को पक्का किया जाएगा और गांवों के विकास के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सफीदों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 0 9 6 0
Total Users : 290960
Total views : 493075

शहर चुनें