July 22, 2026 7:39 pm

July 22, 2026 7:39 pm

मुंबई एयरपोर्ट से लूटकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, एक साल बाद पंचकूला पुलिस को मिली बड़ी सफलता

बाबूगिरी ब्यूरो
पंचकूला, 10 अप्रैल 2026: थाना सेक्टर-14 पंचकूला में दर्ज लूटपाट व मारपीट के सनसनीखेज मामले में पंचकूला पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। करीब एक साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी मुकेश (पुत्र ओम प्रकाश), निवासी गांव बरमाजरा, जिला एसएएस नगर (पंजाब) को पुलिस ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पहले ही लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया था।
पुलिस के अनुसार 15 जनवरी 2025 को शिकायतकर्ता हिमांशु कश्याल और उसके साथियों को झांसा देकर सेक्टर-16 पंचकूला बुलाया गया था। यहां आरोपियों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर लकड़ी के डंडों से बेरहमी से पीटा, नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ितों से जबरन यूपीआई के जरिए उनके खातों से पैसे भी ट्रांसफर करवा लिए और जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में थाना सेक्टर-14 पंचकूला में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहले ही चार आरोपियों—ताजिम, मोमिन, मोहित और साजिद—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। उनके कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल वाहन भी बरामद किए गए थे।
फरार आरोपी मुकेश की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी कड़ी में पुलिस पोस्ट सेक्टर-16 के इंचार्ज एसआई भीम सिंह के नेतृत्व में एएसआई रमन और मुख्य सिपाही नीरज की टीम ने कार्रवाई करते हुए मुंबई एयरपोर्ट से आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर पंचकूला लाकर अदालत में पेश करेगी, जहां आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि पंचकूला पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरार आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 7 5 4 0 9
Total Users : 375409
Total views : 612282

शहर चुनें