April 5, 2026 1:18 pm

April 5, 2026 1:18 pm

अंबाला में पाकिस्तानी जासूस गिरफ्तार, सेना की गोपनीय जानकारी भेजने का आरोप

अंबाला: हरियाणा के अंबाला में पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में 31 वर्षीय सुनील को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान भेजने का आरोप है। अंबाला पुलिस की सीआईए-2 टीम ने उसे शुक्रवार को अंबाला कैंट बस स्टैंड के पास से काबू किया। शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सेना की यूनिट मूवमेंट की जानकारी दे रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, सुनील सेना की अलग-अलग यूनिटों की लोकेशन, मूवमेंट और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां पाकिस्तान को भेज रहा था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वह पिछले 6 से 7 महीनों से लगातार सूचनाएं साझा कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि क्या आरोपी ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी पाकिस्तान को कोई जानकारी मुहैया कराई थी।
व्हाट्सएप चैट और वॉइस कॉल के सबूत मिले
अंबाला पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से पाकिस्तान से जुड़े व्हाट्सएप चैट और वॉइस कॉल से संबंधित अहम सबूत मिले हैं। इन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि नेटवर्क और संपर्कों की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।
पाकिस्तानी महिला ने हनीट्रैप में फंसाया
प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़ी एक महिला ने फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए सुनील से संपर्क साधा। पहले फेसबुक पर दोस्ती हुई, फिर धीरे-धीरे प्रेम जाल में फंसाकर उसे ब्लैकमेल किया गया। इसके बाद उससे सैन्य ठिकानों की तस्वीरें और गोपनीय दस्तावेज मांगे गए। बाद में बातचीत व्हाट्सएप पर शिफ्ट कर दी गई।
बैंक खातों और ठेकेदार कनेक्शन की जांच
डीएसपी क्राइम वीरेंद्र ने बताया कि आरोपी के बैंक खातों की भी गहन जांच की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे सूचनाएं देने के बदले कोई आर्थिक लेन-देन तो नहीं हुआ। आरोपी शादीशुदा है और सैन्य क्षेत्र में चिनाई का काम करता था। वह एक निजी ठेकेदार के माध्यम से अलग-अलग सैन्य यूनिटों में काम कर चुका है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि संबंधित ठेकेदार को इस गतिविधि की जानकारी थी या नहीं।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच में जुटी हुई हैं।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 1 4 7
Total Users : 291147
Total views : 493329

शहर चुनें