April 21, 2026 7:55 pm

April 21, 2026 7:55 pm

HARYANA:पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में होगी शारीरिक माप परीक्षा (PMT), सुबह 6:30 बजे से शुरू होगा टेस्ट

आधुनिक तकनीकों के साथ सभी अभ्यर्थियों का होगा फिजिकल परीक्षण

बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 18 अप्रैल। हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) द्वारा आयोजित शारीरिक माप परीक्षा (PMT) अब पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। इस संबंध में हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन के सदस्य श्री भूपेंद्र चौहान ने शुक्रवार को पंचकूला में आयोजित प्रेस वार्ता में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आयोग ने परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, तकनीकी रूप से मजबूत और अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
उन्होंने बताया कि शारीरिक माप परीक्षा (PMT) प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे से शुरू होगी। शुरुआत में प्रतिदिन लगभग 700 अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा, लेकिन बाद में यह संख्या बढ़ाकर 1500 प्रतिदिन कर दी जाएगी। आयोग की योजना के अनुसार प्रतिदिन 1500 से 2000 अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर यह संख्या 3000 तक भी बढ़ाई जा सकती है। पूरी परीक्षा प्रक्रिया को पूरा करने में लगभग 60 से 80 दिन लगने की संभावना है।

अभ्यर्थियों और परिजनों के लिए विशेष सुविधाएं

चौहान ने बताया कि आयोग ने स्टेडियम परिसर में अभ्यर्थियों और उनके साथ आने वाले परिजनों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा है। स्टेडियम के मुख्य गेट पर विश्राम क्षेत्र बनाया गया है, जहां अभ्यर्थी और उनके परिजन आराम से बैठ सकेंगे। इसके अलावा अभ्यर्थियों के लिए बैगेज जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्टेडियम में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की सख्त सुरक्षा जांच की जाएगी। इसके बाद उनके दस्तावेजों का सत्यापन होगा। दस्तावेजों की पुष्टि के बाद बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी और प्रत्येक अभ्यर्थी को क्रमांक देकर मुख्य हॉल में भेजा जाएगा। मुख्य हॉल के प्रवेश द्वार पर चेस्ट नंबर जारी किया जाएगा और वहां दोबारा बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा ताकि प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना न रहे।

21 आधुनिक डिजिटल मशीनों से होगा मापन
आयोग ने बताया कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मुख्य हॉल में अभ्यर्थियों की लंबाई और छाती का मापन किया जाएगा। इसके लिए 21 आधुनिक डिजिटल मशीनें स्थापित की गई हैं, जिनसे पूरी प्रक्रिया तेज, सटीक और पारदर्शी बनेगी।
यदि कोई अभ्यर्थी अपने मापन से संतुष्ट नहीं होता, तो उसे तुरंत अपील करने का अधिकार दिया गया है। अपील के बाद उसका दोबारा परीक्षण किया जाएगा। इससे अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर मिलेगा और किसी भी प्रकार की शिकायत की संभावना कम होगी।

सिख अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्था
आयोग ने सिख अभ्यर्थियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। श्री चौहान ने बताया कि निर्धारित मशीन पर सिख समाज के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में धार्मिक मर्यादा के अनुरूप उनका मापन किया जाएगा। इससे धार्मिक भावनाओं का सम्मान भी सुनिश्चित होगा और प्रक्रिया भी सुचारु रूप से पूरी की जा सकेगी।

जीरकपुर से चलेगी विशेष बस सेवा
दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जीरकपुर से सुबह 5 बजे से विशेष बसों की व्यवस्था की गई है। ये बसें अभ्यर्थियों को सीधे ताऊ देवीलाल स्टेडियम तक पहुंचाएंगी। इससे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में मदद मिलेगी और अभ्यर्थियों को परिवहन संबंधी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।

एनर्जी बूस्टर और दवाइयों से बचने की सलाह
प्रेस वार्ता के दौरान  भूपेंद्र चौहान ने अभ्यर्थियों से विशेष अपील की कि वे PMT से पहले किसी भी प्रकार के एनर्जी बूस्टर, स्टेरॉयड या अन्य दवाइयों का सेवन न करें। उन्होंने कहा कि ऐसे पदार्थ स्वास्थ्य के लिए गंभीर रूप से हानिकारक हो सकते हैं और परीक्षा के दौरान परेशानी पैदा कर सकते हैं।
उन्होंने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और महिला अभ्यर्थियों के लिए आयोग द्वारा अलग और सुरक्षित व्यवस्थाएं किए जाने की जानकारी भी दी। महिला उम्मीदवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

पारदर्शी और व्यवस्थित प्रक्रिया के लिए प्रतिबद्ध आयोग
चौहान ने कहा कि हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, सुव्यवस्थित और अभ्यर्थी-अनुकूल बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आधुनिक तकनीक, डिजिटल मशीनों, बायोमेट्रिक सत्यापन और अपील व्यवस्था के माध्यम से निष्पक्षता सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें, आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं और आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
यह परीक्षा हजारों युवाओं के लिए सरकारी नौकरी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी और आयोग इसे पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 0 2 1 6 6
Total Users : 302166
Total views : 509350

शहर चुनें