नई दिल्ली: दिल्ली–एनसीआर में कड़ाके की सर्दी का सितम लगातार जारी है। राजधानी और आसपास के इलाकों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने से सड़क, रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित हो रहा है। वहीं, प्रदूषण के बढ़ते स्तर ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 302 अंक दर्ज किया गया है, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
मंगलवार को दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 0.7 डिग्री कम है।
आज भी जारी रहेगा ठंड और कोहरे का असर
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी दिनभर ठंड का असर बना रहेगा। सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है। अधिकतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि दिन के समय हवा की गति 5 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है। ठंड और कोहरे को देखते हुए बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 7 और 8 जनवरी के लिए पूरे दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट घोषित किया है, जबकि ‘कोल्ड डे’ की चेतावनी केवल दिल्ली के लिए जारी की गई है।
प्रदूषण के हालात चिंताजनक
प्रदूषण के मोर्चे पर भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। CPCB के अनुसार बुधवार सुबह 7:15 बजे तक दिल्ली का औसत AQI 302 दर्ज किया गया। एनसीआर के अन्य शहरों में फरीदाबाद का AQI 298, गुरुग्राम 305, गाजियाबाद 311, ग्रेटर नोएडा 278 और नोएडा 288 रहा। राजधानी के अधिकांश इलाकों में AQI स्तर 300 से 400 के बीच बना हुआ है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह 200 से 300 के बीच दर्ज किया गया है।
ठंड, कोहरे और प्रदूषण को देखते हुए विशेषज्ञों ने लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।










Total Users : 291159
Total views : 493356