October 12, 2026 2:09 pm

October 12, 2026 2:09 pm

HARYANA: पुलिस कर्मियों को बेटी की शादी पर मिलेगा ₹5 लाख अनुदान, DGP अजय सिंघल की नई पहल

चंडीगढ़, 7 जनवरी। हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने पुलिस कर्मियों के कल्याण और मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से कई अहम घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइनों में खाली पड़ी जमीनों पर आधुनिक बैंक्वेट हॉल बनाए जाएंगे, ताकि पुलिसकर्मी अपने बच्चों की शादियां और अन्य सामाजिक कार्यक्रम सम्मानजनक ढंग से आयोजित कर सकें। जहां पहले से सामुदायिक केंद्र मौजूद हैं, वहां आवश्यक बदलाव कर उन्हें बैंक्वेट हॉल के रूप में विकसित किया जाएगा।
मंगलवार को विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि पुलिस कर्मियों की सामान्य समस्याओं का समाधान करना और उनका मनोबल बढ़ाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में उन्होंने घोषणा की कि पुलिस कर्मियों को बेटी की शादी के अवसर पर ₹5 लाख का अनुदान दिया जाएगा, जिसके लिए विभाग स्तर पर योजना तैयार कर ली गई है।
इसके अलावा, जिन पुलिस कर्मचारियों के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए ₹2 लाख तक के अनुदान की व्यवस्था भी की जाएगी। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि इन योजनाओं से सरकार के बजट पर किसी प्रकार का अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।
डीजीपी ने यह भी बताया कि कई जिलों और पुलिस विंगों में साप्ताहिक अवकाश नहीं मिलने के कारण कर्मचारी तनाव में रहते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक नीति तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही पुलिस विभाग में साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था लागू की जाएगी।
उन्होंने पुलिस आवास से जुड़ी समस्याओं का भी जिक्र करते हुए कहा कि आवासों के आवंटन, मरम्मत और रखरखाव को लेकर शीघ्र ही एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई जाएगी। पुलिस कर्मियों के लिए नई हाउसिंग स्कीम लागू करने की तैयारी की जा रही है, जिसके लिए सभी जिलों से मौजूदा स्थिति और मांग को लेकर स्टेटस रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 7 7
Total Users : 429177
Total views : 684398

शहर चुनें