May 5, 2026 11:08 pm

May 5, 2026 11:08 pm

CHANDIGARH: नशा मुक्ति केंद्र का राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने किया निरीक्षण, लाभार्थियों से किया संवाद

चंडीगढ़, 7 जनवरी 2026: राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, यूटी, चंडीगढ़ के सदस्य सचिव ने बुधवार को सेक्टर-18 स्थित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र का दौरा कर केंद्र की कार्यप्रणाली, उपचार व्यवस्था और पुनर्वास सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने उपचाराधीन लाभार्थियों से संवाद कर उनके अनुभव, चुनौतियों और सुधार की प्रक्रिया की जानकारी भी ली।
यह दौरा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की योजना DAWN (Drug Awareness and Wellness Navigation – for a Drug-Free India) Scheme, 2025 के अंतर्गत 5 से 12 जनवरी 2026 तक आयोजित किए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा रहा।
सदस्य सचिव ने बताया कि 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस (स्वामी विवेकानंद जयंती) मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य युवाओं को प्रेरित करना और एक स्वस्थ व सशक्त समाज के निर्माण में उनकी भूमिका को मजबूत करना है। इसी उद्देश्य से नालसा द्वारा सभी राज्य विधिक सेवा प्राधिकरणों को इस अवधि में नशा मुक्ति को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
दौरे के दौरान सदस्य सचिव ने केंद्र के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण किया और चिकित्सा अधिकारियों, परामर्शदाताओं तथा सहायक स्टाफ के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने उपचार पद्धतियों, परामर्श प्रक्रियाओं और पुनर्वास रणनीतियों की जानकारी ली।
केंद्र में रह रहे लाभार्थियों से बातचीत के दौरान सदस्य सचिव ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का दुरुपयोग एक गंभीर सामाजिक और सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती है, जिससे निपटने के लिए नशा मुक्ति केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने दीर्घकालिक सुधार के लिए चिकित्सा उपचार, मनोवैज्ञानिक परामर्श, कौशल विकास और पुनर्वास के बाद निरंतर देखरेख जैसे समग्र दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया।
सदस्य सचिव ने केंद्र की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए कर्मचारियों के समर्पण और संवेदनशीलता की सराहना की। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में उपचाराधीन व्यक्तियों को आवश्यक विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, यूटी, चंडीगढ़ पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे निरीक्षण और संवाद गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने और नशामुक्त, स्वस्थ समाज के निर्माण की सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 1 1 0 7 7
Total Users : 311077
Total views : 522584

शहर चुनें