May 6, 2026 1:27 am

May 6, 2026 1:27 am

हरियाणा विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने किया केरल विधान सभा का अध्ययन दौरा

वित्तीय व विषय संबंधी समितियों की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन
चंडीगढ़, 7 जनवरी: हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने केरल भ्रमण के दौरान बुधवार को केरल विधान सभा का विस्तृत अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने केरल विधान सभा अध्यक्ष ए.एन. शमसीर से संसदीय विषयों, प्रक्रियाओं और सुधारों को लेकर गहन चर्चा की।
चर्चा के दौरान यह जानकारी सामने आई कि केरल विधान सभा में संसदीय कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी व पारदर्शी बनाने के लिए निरंतर सुधार किए जा रहे हैं। साथ ही हरियाणा विधान सभा की संसदीय प्रक्रियाओं और नियमों से संबंधित अनुभव भी साझा किए गए।
विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने बताया कि केरल विधान सभा ने संसदीय प्रक्रिया के उच्च मानक स्थापित किए हैं। यहां कुल 37 समितियां कार्यरत हैं, जिनमें 4 वित्तीय समितियां और 14 विषय संबंधी समितियां शामिल हैं। किसी भी विधेयक के प्रारूप को सदन में प्रस्तुत किए जाने के बाद संबंधित विषय समिति को भेजा जाता है, जहां उसका गहन अध्ययन कर सिफारिशें दी जाती हैं। इन सिफारिशों के आधार पर ही विधेयक पर सदन में विस्तृत चर्चा होती है।
उन्होंने बताया कि केरल की समितियों की एक विशेषता यह है कि उनका गठन 30 माह की अवधि के लिए किया जाता है। वहीं विषय संबंधी समितियों में यह भी देखा गया कि इनके चेयरपर्सन संबंधित विभाग के मंत्री होते हैं, जिससे नीतिगत निर्णयों में तेजी और प्रभावशीलता आती है।
विस अध्यक्ष को अवगत कराया गया कि केरल विधान सभा में केरल लेजिस्लेटिव एसेंबली मीडिया एंड पार्लियामेंटरी स्टडीज नामक एक विशेष विंग कार्यरत है, जो समय-समय पर सम्मेलन और सेमिनार आयोजित करता है। इसके अलावा विधान सभा का अपना टीवी चैनल भी है, जिस पर सदन की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाता है तथा अन्य दिनों में विधान सभा से जुड़े विषयों पर विशेष कार्यक्रम और वीडियो क्लिप प्रसारित होते हैं।
इसके साथ ही केरल विधान सभा में पार्लियामेंट इंटर्नशिप विंग भी संचालित है, जिसके तहत कानून के विद्यार्थियों को 7 से 14 दिन की इंटर्नशिप प्रदान की जाती है। भारत सहित अन्य देशों में कानून की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए वर्षभर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें उन्हें विधान सभा से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी जाती है।
केरल विधान सभा में राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय सम्मेलनों का भी आयोजन किया जाता है। इनमें पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के कार्यक्रम शामिल रहते हैं। इसके अलावा एससी-एसटी विधायकों, महिला विधायकों और युवा प्रतिनिधियों के सम्मेलन भी आयोजित किए जाते हैं, जिनमें देशभर से प्रतिभागी भाग लेते हैं। एक सम्मेलन में लगभग एक हजार विद्यार्थियों की भागीदारी दर्ज की गई।
विस अध्यक्ष को यह भी बताया गया कि केरल विधान सभा के लगभग 1200 कर्मचारियों को समय-समय पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। वहीं, विधान सभा सत्र के दौरान एक बैठक में औसतन 30 तारांकित प्रश्न शामिल किए जाते हैं, जिससे सदन की कार्यवाही अधिक प्रभावी और उत्तरदायी बनती है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 1 1 0 8 0
Total Users : 311080
Total views : 522590

शहर चुनें