October 12, 2026 5:17 pm

October 12, 2026 5:17 pm

पंचकूला नगर निगम चुनाव: आरक्षित सीटों का ड्रा संपन्न

उपायुक्त की अध्यक्षता में पारदर्शी तरीके से निकाला गया ड्रा
पंचकूला, 7 जनवरी: नगर निगम पंचकूला के आगामी चुनावों को लेकर आरक्षित सीटों का ड्रा बुधवार को उपायुक्त एवं समिति के अध्यक्ष सतपाल शर्मा की अध्यक्षता में उपायुक्त कैंप कार्यालय में पारदर्शी तरीके से निकाला गया। यह प्रक्रिया पर्ची प्रणाली के माध्यम से पूरी की गई, ताकि आरक्षण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर समिति के सदस्य नगर निगम के संयुक्त आयुक्त गौरव चौहान, डीएमसी विनोद नेहरा, सहायक नगर योजनाकार दीपक, नगर निगम के जेई सुशील कुमार सहित गैर-सरकारी सदस्य रितु गोयल, सोनू बिडला एवं जय कुमार कौशिक उपस्थित रहे। इसके अलावा बैठक में नगर निगम पंचकूला के पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल तथा पूर्व पार्षद गौतम प्रसाद एवं राजेश भी मौजूद रहे।


ड्रा के दौरान महिला अनुसूचित जाति सीट के लिए तीन पर्चियाँ डाली गईं, जिनमें से वार्ड नंबर 16 को महिला अनुसूचित जाति आरक्षित घोषित किया गया। इसी प्रकार वार्ड नंबर 7 और वार्ड नंबर 17 को अनुसूचित जाति (एससी) वार्ड घोषित किया गया।
वहीं, वार्ड नंबर 19 को बीसीए महिला आरक्षित वार्ड तथा वार्ड नंबर 18 को बीसीबी महिला आरक्षित वार्ड घोषित किया गया।
इसके अतिरिक्त सामान्य (महिला) वर्ग के लिए कुल चार वार्ड आरक्षित किए गए, जिनमें वार्ड नंबर 1, 2, 11 और 15 शामिल हैं।
उपायुक्त सतपाल शर्मा ने बताया कि पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नियमानुसार सम्पन्न की गई है, ताकि आगामी नगर निगम चुनाव शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से कराए जा सकें।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 2 5 2
Total Users : 429252
Total views : 684521

शहर चुनें