May 23, 2026 5:30 pm

May 23, 2026 5:30 pm

HARYANA NEWS: HPSC भर्तियों पर विरोध कांग्रेस व इनेलो का राजनीतिक स्टंट: मुख्यमंत्री

हरियाणा कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने की प्रेस वार्ता
 
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 18 मई – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) में हरियाणा के अलावा दूसरे राज्यों के बच्चों को नौकरी मिलने का विरोध कांग्रेस व इनेलो का राजनीतिक स्टंट है। हरियाणा में एचएसएससी व एचपीएससी की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है जिसमें केवल योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरियां मिलती हैं।

यह बात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में मंत्रीमंडल की बैठक के उपरांत एक प्रेस वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व इनेलो ने अपने शासनकाल में कभी मैरिट को प्राथमिकता नहीं दी जिसके कारण युवाओं के साथ-साथ उनके मां-बाप का विश्वास भी सरकार से गिर गया था। उस समय हर कोई यही मानने लगा था कि पढ़ने-लिखने से नौकरी नहीं मिलेगी। लेकिन हमारी सरकार ने नौकरियों के लिए पारदर्शी व्यवस्था लागू की जिसमें मेरिट के आधार पर कोई भी युवा हरियाणा में नौकरी पा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हरियाणा के युवा यूपीएससी सहित पंजाब, उत्तर प्रदेश, गुजरात तथा अन्य राज्यों में नौकरियां लग रहे हैं तो अन्य राज्यों के बच्चे हरियाणा में नौकरी क्यों नहीं लग सकते। यह एक संवैधानिक व्यवस्था है जिसमें कोई भी युवा अपनी काबिलियत के आधार पर किसी भी राज्य में नौकरी पा सकता है। हरियाणा में मैरिट के आधार पर युवाओं को नौकरियां मिल रही है, यह हमारी भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता का प्रमाण है।

सीएम ने कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के चलते पूरे विश्व में ऊर्जा का संकट बना हुआ है, इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वे ऊर्जा की बचत के लिए हर संभव प्रयास करें। इसके लिए नागरिक पैदल, साईकिल, ट्रेन और अन्य सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें। जरूरी होने पर ही अपने वाहनों का इस्तेमाल करें। यह किसी एक देश अथवा भारत की समस्या नहीं है बल्कि यह एक वैश्विक समस्या है जिससे बाहर निकलने के लिए हम सबको सहयोग करना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भी सरकार ने आदेश दिए हैं कि सरकारी कार्यालयों में अधिक से अधिक मीटिंगें वर्चुअल माध्यम से करें और जहां संभव हो वहां वर्क फ्रॉम होम के नियम को अपनाएं। उन्होंने कहा कि पूरे देश के साथ-साथ हरियाणा के लोग भी प्रधानमंत्री की अपील पर अमल कर रहे हैं और हम सबको विश्वास है कि प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप हम विकसित भारत, मजबूत भारत व सशक्त भारत के निर्माण में सफल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस आज महंगाई का रोना रो रही है जबकि  हकीकत यह है कि कांग्रेस के शासनकाल में महंगाई बेलगाम हो गई थी। कांग्रेस कोरोना की ही तरह आज के हालात में भी केवल राजनीति कर रही है जबकि हमें समझना चाहिए कि यह राजनीति करने का समय नहीं है बल्कि आपसी सहयोग से समस्या पर नियंत्रण पाने का समय है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के चलते न केवल हमारा देश कोरोना की समस्या को हराने में सफल रहा बल्कि पिछले साढ़े 11 सालों में महंगाई पर भी अंकुश लगा है।

उन्होंने कहा कि हमें यह भी समझना चाहिए कि हमारे सामने आज जो समस्या है वह केवल हमारे देश की नहीं है बल्कि यह विश्वव्यापी समस्या है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार प्रयास कर रही हैं कि ईवी गाड़ियों को अधिक से अधिक बढ़ावा मिले ताकि पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम हो और पर्यावरण प्रदूषण पर भी अंकुश लग सके।

इस अवसर पर सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक केएम पांडुरंग, अतिरिक्त निदेशक कैप्टन मनीष लोहान तथा मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीन अत्रे भी उपस्थित थे।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 2 3 4 6 4
Total Users : 323464
Total views : 540133

शहर चुनें